क्रिकेट

WTC Points Table Update: भारत ने गंवाया नंबर वन का ताज, ऑस्ट्रेलिया ने पछाड़ा

WTC Points Table Update: न्यूजीलैंड से हार के बाद WTC प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया नंबर दो पर खिसक गई है। अब ऑस्ट्रेलिया ने नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली। अब WTC की रेस दिलचस्प हो गई।

Image

भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल (साभार-BCCI)

WTC Points Table Update: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू श्रृंखला में शर्मनाक हार के बाद भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) तालिका में शीर्ष से दूसरे स्थान पर खिसक गया। भारत को मुंबई में खेले गये तीसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने 25 रन से हराकर 3-0 से सूपड़ा साफ किया। टेस्ट में 1999-2000 के बाद भारतीय टीम का पहली बार सूपड़ा साफ हुआ है। टीम को तब दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से हराया था। यह पहली बार है जब भारत को कम से कम तीन मैचों की श्रृंखला की सभी मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में यह भारत की यह पांचवीं हार है। जिससे उसके अंक प्रतिशत (पीसीटी) में बड़ी गिरावट आई। टीम का अंक प्रतिशत 62.82 से खिसक कर 58.33 हो गया। इस प्रकार भारत मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गया, जिसने 62.50 के पीसीटी के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।

WTC Points Table

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल (साभार- ICC)

भारत को अब पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होना है। इस श्रृंखला का महत्व अब और अधिक बढ़ गया है क्योंकि दोनों टीमें शीर्ष दो स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। न्यूजीलैंड श्रृंखला से पहले भारत को लगातार तीसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलने का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था। अब उसे ‘अगर-मगर’ के फेर से बचते हुए अपने बूते फाइनल में जगह पक्की करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच जीतने होंगे।

इस चक्र में ऑस्ट्रेलिया के सात मैच बचे हुए है और उसे इन सात मैचों में से चार जीत की जरूरत है। भारत में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक श्रृंखला में जीत ने उनकी डब्ल्यूटीसी फाइनल की आकांक्षाओं को भी मजबूत किया है। न्यूजीलैंड 54.55 पीसीटी के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि श्रीलंका 55.56 की पीसीटी के साथ तीसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका 54.17 के पीसीटी के साथ पांचवें स्थान पर है। वह भी शीर्ष दो में जगह बनाने और अगले साल लॉर्ड्स में होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बना हुआ है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article