क्रिकेट

WPL 2026, MI vs UPW: मुंबई इंडियन्स को पटखनी देकर यूपी वॉरियर्स ने दर्ज की सीजन की पहली जीत

यूपी वॉरियर्स ने हरलीन देओल की अर्धशतक पारी की बदौलत डब्ल्यूपीएल 2026 में गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ सात विकेट से दर्ज की। यह उसकी सीजन की पहली जीत है।

Image

यूपी वॉरियर्स (फोटो क्रेडिट WPL X)

नवी मुंबई: यूपी वॉरियर्स ने हरलीन देओल (नाबाद 64 रन) के नाबाद अर्धशतक की मदद से गुरुवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) मैच में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को 11 गेंद रहते सात विकेट से हराकर इस सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की। नटाली साइवर ब्रंट (65 रन, दो विकेट) ने अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए तेज अर्धशतक जड़ा जिसकी मदद से मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए।

हरलीन बुधवार को अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद रिटायर्ड आउट हो गई थीं, उन्होंने 39 गेंद की पारी में 12 चौके जड़े और क्लो ट्रायोन (नाबाद 27 रन) के साथ मिलकर टीम को 18.1 ओवर में तीन विकेट पर 162 रन तक पहुंचाया जिससे यूपी वॉरियर्स की टीम लगातार तीन हार के बाद चौथे मैच में पहली जीत दर्ज करने में कामयाब रही। वहीं मुंबई इंडियंस की चार मैच में यह दूसरी हार थी।

हरलीन ने इच्छानुसार शॉट लगाए जिसमें शबनीम इस्माइल के एक ओवर में तीन चौके भी शामिल थे। इस भारतीय बल्लेबाज ने 15वें ओवर में ऑफ स्पिनर संस्कृति गुप्ता पर स्वीप शॉट से एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। हरलीन ने इसी ओवर में दो चौके और जड़े जिससे टीम को 24 गेंद में 29 रन की दरकार थी। हरलीन ने ट्रायोन के साथ मिलकर बिना किसी परेशानी के जीत सुनिश्चित की।

हालांकि यूपी वॉरियर्स के लिए शीर्ष क्रम में परेशानी जारी रही जिसमें कप्तान मेग लैनिंग (25 रन) और किरण नवगिरे (10 रन) तेज शुरूआत नहीं करा सकीं। इससे सात ओवर में यूपी वॉरियर्स का स्कोर दो विकेट पर 50 रन था। लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा नहीं था जिससे हरलीन ने टिककर खेलते हुए टीम को पहली जीत का स्वाद चखाया। हरलीन ने फोबे लिचफील्ड (25 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 गेंद में 73 रन की साझेदारी निभाई। लिचफील्ड के जाने के बाद उन्हें ट्रायोन का अच्छा साथ मिला और दोनों ने 20 गेंद में 44 रन की अटूट भागीदारी की।

नटाली साइवर ब्रंट ने दो जबकि अमेलिया केर ने एक विकेट झटका।

इससे पहले मुंबई इंडियंस हालांकि धीमी पिच पर पहले 10 ओवर में रन गति नहीं बढ़ा सकी लेकिन नटाली साइवर ब्रंट ने 43 गेंद की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का लगाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। अमनजोत कौर (38 रन) और गुणालन कमालिनी (05) स्पिनरों की मददगार पिच पर तेज शुरूआत नहीं करा सकीं। लेकिन सलामी बल्लेबाजों के लगातार ओवरों में आउट होने के बाद नटाली साइवर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर (11 गेंद में 16 रन) जिम्मेदारी से खेलीं।

टीम ने पहले 10 ओवर में दो विकेट पर 54 रन बनाए। पर नटाली साइवर ब्रंट ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से पारी की दिशा ही बदल दी। उनकी पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में कामयाब रही जिसमें आखिरी 10 ओवर में 107 रन बने। आशा शोभना की गेंद पर स्वीप शॉट खेलकर हरमनप्रीत के आउट होने के बाद निकोला कैरी (नाबाद 32 रन) ने नटाली साइवर ब्रंट का अच्छा साथ निभाया। नटाली साइवर ब्रंट ने शोभना के ओवर में 17 रन जुटाए जिसमें दो चौके और एक छक्का जड़ा था। यूपी वॉरियर्स के लिए शिखा पांडे, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और शोभना आशा ने एक एक विकेट झटका।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article