EXPLAINER: परदे के पीछे खेले जा सकते हैं WPL के ये 2 मैच, जानिए क्या है वजह?
- Edited by: उमेश कुमार
- Updated Jan 13, 2026, 05:45 PM IST
WPL 2026 में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मुकाबला खेला जाना है, जबकि गुरुवार को मुंबई इंडियंस की टीम यूपी वॉरियर्स से भिड़ेगी। ये दोनों मुकाबले नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले जाने हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस बात पर 'विचार' कर रहा है कि इन मुकाबलों में दर्शकों को प्रवेश दिया जाए या नहीं?
बिना दर्शकों के खेले जाएंगे WPL का ये दो मैच- फोटो- BCCI
आईएएनएस। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में 14 और 15 जनवरी को लीग स्टेज के दो मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जा सकते हैं। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मुकाबला खेला जाना है, जबकि गुरुवार को मुंबई इंडियंस की टीम यूपी वॉरियर्स से भिड़ेगी। ये दोनों मुकाबले नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले जाने हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस बात पर 'विचार' कर रहा है कि इन मुकाबलों में दर्शकों को प्रवेश दिया जाए या नहीं?
दरअसल, मुंबई की बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) और राज्य में नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (NMMC) के चुनाव होने हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने 'आईएएनएस' को इसकी जानकारी दी है। चुनावों के कारण अधिकांश सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होने से मतदान के दिन 15 जनवरी और उससे एक दिन पहले 14 जनवरी को भीड़ प्रबंधन करना मुश्किल हो सकता है।
मतगणना दिन को नहीं किया शामिल
हालांकि, 16 जनवरी को होने वाले गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच में दर्शकों को स्टेडियम आने की अनुमति होगी। बीसीसीआई सचिव ने बताया कि 'मतगणना दिवस' को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
इन दो दिन बिना दर्शकों के खेले जाएंगे मैच
सैकिया ने आईएएनएस को बताया, '15 जनवरी को वोटिंग है, इसलिए 14 जनवरी को और वोटिंग वाले दिन, हम इस पर विचार कर रहे हैं कि क्या डब्ल्यूपीएल मैच बिना भीड़ के हो सकते हैं। एक बार जब हम इसे फाइनल कर लेंगे तो हम एक पब्लिक नोटिस जारी करेंगे। मैच तय समय पर होंगे, लेकिन हम अभी भी इस पर बात कर रहे हैं कि क्या स्टेडियम में फैंस की मौजूदगी होगी, या फिर नहीं। हालांकि, इसमें 16 तारीख शामिल नहीं है क्योंकि चुनाव 15 तारीख को है। मुझे लगता है कि 16 तारीख को काउंटिंग डे होगा, इसलिए हम इस पर विचार नहीं कर रहे हैं।'
29 दिसंबर को जारी किया गया था शेड्यूल
उल्लेखनीय है कि डब्ल्यूपीएल का शेड्यूल पिछले साल 29 नवंबर को जारी किया गया था, जबकि चुनाव का शेड्यूल 15 दिसंबर को जारी किया गया था। ऐसा समझा जाता है कि चुनाव की तारीखें फाइनल होने के तुरंत बाद डब्ल्यूपीएल आयोजकों को इसकी जानकारी दी गई थी। फिलहाल 14, 15 और 16 जनवरी को होने वाले मुकाबलों के टिकट ऑफिशियल डब्ल्यूपीएल टिकटिंग पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। 16 जनवरी को गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला खेला जाना है, जिसकी बिक्री जल्द शुरू होने की उम्मीद है।