Womens premier league 2025: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 में यूपी वॉरियर्स ने वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर चिनेल हेनरी को ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर-बल्लेबाज एलीसा हीली के स्थान पर टीम में शामिल किया है। हीली ने आगामी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। वह घुटने और पैर की चोटों से जूझ रही हैं, जिसके कारण उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप, विमेंस बिग बैश लीग 2024 और एशेज टी20 सीरीज के कुछ मैच मिस किए थे। हेनरी के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 62 टी20 मैचों में 473 रन बनाए हैं और 22 विकेट भी अपने नाम किए हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने भारत के खिलाफ 16 गेंदों में 43 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया द्वारा इंग्लैंड को एक पारी और 122 रनों से हराने के बाद हीली ने कहा था कि "दुर्भाग्य से मेरे लिए, मेरे पास कुछ महीने हैं। मैं इससे काफी निराश हूं, लेकिन साथ ही थोड़ा आराम करने और अपने शरीर को ठीक करने की कोशिश करने से भी खुश हूं। लेकिन मैं अपने पैरों को बर्फ की बाल्टी में रखने के लिए उत्सुक हूं।"
ऐसा है चिनेल हेनरी का प्रदर्शन
29 वर्षीय चिनेल हेनरी ने 62 टी20आई में 473 रन और 22 विकेट अपने नाम किए हैं। दिसंबर 2024 में, हेनरी ने नवी मुंबई में भारत के खिलाफ़ 16 गेंदों में 43 रन बनाए। हेनरी महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (WCPL) में बारबाडोस रॉयल्स के लिए भी खेलती हैं।
आरसीबी में दो बड़े बदलाव
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को भी बड़ा झटका लगा है, क्योंकि इंग्लैंड की ऑलराउंडर केट क्रॉस और न्यूजीलैंड की अनुभवी खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने ‘निजी कारणों’ से टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। इसके बाद, आरसीबी ने ऑस्ट्रेलिया की हीथर ग्राहम और किम गार्थ को रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया है। ग्राहम ने 2022 में भारत के खिलाफ टी20 हैट्रिक ली थी, जबकि गार्थ ने गुजरात जायंट्स के लिए खेलते हुए पांच विकेट हॉल हासिल किया था। दोनों खिलाड़ी 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर आरसीबी से जुड़ी हैं। इसके अलावा, इंग्लैंड की चार्ली डीन को भी आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया है, क्योंकि सोफी मोलिन्यूक्स चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
