क्रिकेट

इन दो खिलाड़ियों को मिले टी20 टीम में मौका, इरफान पठान ने सुझाए नाम

इरफान पठान ने टीम मैनेजमेंट को एक सुझाव दिया है। टीम मैनेजमेंट को लाइनअप में कुछ राइट हैंडर बल्लेबाजों को ट्राई करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने दो नाम सुझाए हैं।

Image

इरफान पठान (साभार-X)

इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज में टीम इंडिया को करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत ने यह सीरीज 0-4 से गंवाया। टीम इंडिया की हार के पीछे एक कारण टॉप ऑर्डर में ज्यादा लेफ्ट हैंडर का होना भी रहा। दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के प्लेइंग इलेवन में आने से टीम में लेफ्ट हैंडर बल्लेबाजों की संख्या 7 हो गई। ऐसे में इरफान पठान का मानना है कि टीम इंडिया को इसका भी खामियाजा भुगतना पड़ा था और अब उन्होंने टीम इंडिया को एक सुझाव दिया है। पठान चाहते हैं कि टीम में कुछ राइट हैंडर बैटर्स को आजमाया जाए।

राइट हैंडर्स को आजमाया जाए

इरफान पठान ने कहा है कि टीम मैनेजमेंट को लाइनअप में कुछ राइट हैंडर बल्लेबाजों को ट्राई करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने दो नाम सुझाए हैं। पठान की मानें तो रजत पाटीदार और रियान पराग जैसे बल्लेबाजों को आजमाया जा सकता है।

अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए पठान ने कहा 'भारत को राइट हैंडर बल्लेबाजों की भी जरूरत है और उन्हें तैयार करना होगा। वैसे भी हमारे पास बाएं हाथ के बल्लेबाजों की भरमार है। अगर टॉप सात में सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, तो आपको दाएं हाथ के बल्लेबाजों को ढूंढकर उन्हें तैयार करना होगा। मैं देखना चाहूंगा कि रजत पाटीदार को आगे मौका मिलता है या नहीं। दूसरा, मैं रियान पराग को देखना चाहता हूं। वह भी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और गेंदबाजी में भी योगदान देते हैं। अगर वह घरेलू और ए मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो आपको उन्हें जरूर टीम में शामिल करना चाहिए। वह छठे गेंदबाज के रूप में दो ओवर भी फेंक सकते हैं।

कम से कम 6 मैच में मिले मौका

इसके अलावा इरफान पठान ने टीम मैनेजमेंट से गुजारिश की, अगर किसी नए खिलाड़ियों को आजमाया जाए तो कम से कम 5-6 मैच के लिए मौका मिले। वैभव सूर्यवंशी को केवल 3 मैच के बाद ही प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। इस पर इरफान सहित कई पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल खड़े किए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article