भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में तीन देशों का छह दिवसीय दौरा किया। तीनों देशों के दौरे पर पीएम मोदी को भरपूर सम्मान मिला। अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी ने इन देशों के राष्ट्राध्यक्षों, नेताओं को कुछ ऐसे उपहार दिए जिनमें भारत की समृद्ध और सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और लोक कलाओं की झलक साफ दिखाई देती है। न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के शीर्ष नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों को पीएम मोदी द्वारा दिए गए उपहार केवल स्मृति चिह्न नहीं थे, बल्कि वे भारत की विविधता, कला, शिल्प और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतिनिधि भी बने। आइए जानते हैं पीएम मोदी ने किस देश के किस नेता को क्या क्या भेंट दी...
न्यूजीलैंड के पीएम और विपक्षी नेता को दी ये भेंट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी तीन देशों की यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन को उत्तराखंड की प्रसिद्ध पारंपरिक पहाड़ी टोपी भी भेंट की। ऊन से तैयार यह टोपी हिमालयी संस्कृति, सम्मान और आतिथ्य का प्रतीक मानी जाती है। साथ ही उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा हस्ताक्षरित हॉकी स्टिक भी भेंट की। हॉकी स्टिक न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत, टीम भावना और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।बस्तर की ढोकरा कला से बनी 'ट्री ऑफ लाइफ' प्रतिमा भी की भेंट
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र की प्रसिद्ध ढोकरा कला से तैयार 'ट्री ऑफ लाइफ' मूर्ति भी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को भेंट की गई। ट्री ऑफ लाइफ जीवन, समृद्धि, प्रकृति और मानव के बीच संतुलन का प्रतीक माना जाता है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूज़ीलैंड के विपक्ष के नेता को उत्तर प्रदेश के लखनऊ की प्रसिद्ध जरी-जरदोजी वॉल हैंगिंग भेंट की। इसकी बारीक नक्काशी और पुष्प आकृतियां समृद्धि, रचनात्मकता और प्रकृति की सुंदरता का प्रतीक मानी जाती हैं।
ऑस्ट्रेलिया के नेताओं को दिए गए विविध भारतीय उपहार
वहीं, अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने समकक्ष प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को भारत की सांस्कृतिक और कृषि विरासत को दर्शाने वाले विशेष उपहार भेंट किए। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और उनके परिवार को कश्मीर की शुद्ध ऊन से बनी कढ़ाईदार स्टोल तथा ढोकरा कला से बनी नाव की प्रतिमा भी भेंट की।
साथ ही उन्होंने भारत के प्रमुख कॉफी उत्पादक क्षेत्रों की विभिन्न किस्मों से तैयार प्रीमियम कॉफी बॉक्स भी भेंट किया, जो भारतीय कॉफी उद्योग की गुणवत्ता, विविधता और टिकाऊ खेती की परंपरा को प्रदर्शित करता है।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें 1990 के दशक के लोकप्रिय संगीत बैंड 'कॉलोनियल कजिन्स' के प्रतिष्ठित एल्बम का विनाइल संस्करण भी भेंट किया। हरिहरन और लेस्ली लुईस की इस जोड़ी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को पश्चिमी पॉप, रॉक और अकॉस्टिक संगीत के साथ जोड़कर एक नई पहचान दी थी। यह उपहार भारत की समृद्ध संगीत विरासत और सांस्कृतिक नवाचार का प्रतीक माना जा रहा है।
राजस्थान की लकड़ी की नक्काशीदार हाथी प्रतिमा
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता को राजस्थान की पारंपरिक लकड़ी की नक्काशी से तैयार हाथी की प्रतिमा भेंट की गई। इस प्रतिमा पर की गई महीन जालीदार नक्काशी राजस्थान के कारीगरों की उत्कृष्ट कला को दर्शाती है।संगमरमर की जड़ाई वाला बॉक्स बना शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर-जनरल को प्रधानमंत्री मोदी ने मार्बल इनले वर्क बॉक्स भेंट किया। यह भारत की प्रसिद्ध 'पिएत्रा ड्यूरा' कला का उदाहरण है, जिसमें संगमरमर में अर्ध-कीमती पत्थरों की जड़ाई की जाती है।
मधुबनी पेंटिंग में दिखी प्रकृति और संस्कृति की झलक
बिहार के मिथिला क्षेत्र की प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग भी ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधियों को उपहार स्वरूप दी गई। मोर और पेड़ों की आकृतियों वाली इस पेंटिंग में प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन को दर्शाया गया है।इंडोनेशिया में भी दिखी भारतीय लोक कला की झलक
राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को मिले तीन विशेष उपहार
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की ऐपण कला से सुसज्जित शिव चित्र, कश्मीरी पेपर माशे का हस्तनिर्मित कटोरा और चांदी की नक्काशीदार सजावटी प्लेट भेंट की।
संसद अध्यक्ष को भेंट की गई ओडिशा की प्रसिद्ध इकट कला
इंडोनेशिया की संसद अध्यक्ष पुआन महारानी को प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा की प्रसिद्ध इकट या बंधा कला भेंट की। यह वस्त्र कला धागों को पहले रंगने और फिर बुनाई करने की विशेष तकनीक के लिए जानी जाती है।
