क्रिकेट

WPL 2025, RCB vs GG: गुजरात के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने की नए सीजन की शुरुआत

डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने रिकॉर्ड तोड़ जीत के साथ आईपीएल 2025 की शुरुआत की है। गुजरात जायंट्स को 201 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा।

Image

विमेंस प्रीमियर लीग (साभार WPL)

वडोदरा: डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने रिकॉर्ड तोड़ जीत के साथ आईपीएल 2025 की शुरुआत की है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने तीसरे सीजन के उद्घाटन मुकाबले में गुजरात जायंट्स द्वारा जीत के लिए दिए 202 रन के लक्ष्य को 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ ही आरसीबी विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी की जीत की इबारत विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष और कनिका अहूजा जैसी युवा भारतीय बैटर्स ने लिखी। एलिसा पैरी जैसी अनुभवी खिलाड़ी ने भी रिकॉर्ड तोड़ जीत में अपनी तेज अर्धशतकीय पारी से योगदान दिया। ऋचा घोष 64(27) और कनिका अहूजा 30(13) रन बनाकर नाबाद रहीं।

अच्छी नहीं रही आरसीबी की शुरुआत

जीत के लिए 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान स्मृति मंधाना (9) और उनकी सलामी जोड़ीदार डैनी वियाट हॉज (4) सस्ते में आउट हो गई जिसके बाद पैरी ने राघवी बिष्ट (25) के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिये 86 रन जोड़े। इसके बाद रिचा ने मोर्चा संभाल लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने बनाए 201 रन

इससे पहले कप्तान एश्ले गार्डनर और अनुभवी बेथ मूनी के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जाइंट्स ने पांच विकेट पर 201 रन बनाये। मूनी ने 42 गेंद में आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाये जबकि गार्डनर ने 37 गेंद में 79 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें तीन चौके और आठ छक्के शामिल थे। इससे पहले गत चैम्पियन आरसीबी की कप्तान मंधाना ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। स्कोरबोर्ड पर जब 41 रन टंगे थे तब लौरा वोल्वर्ट और डी हेमलता पवेलियन लौट गए लेकिन गार्डनर और मूनी ने टीम को इन झटकों से निकाला। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिये 44 रन जोड़े। मूनी को लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने आउट किया जिनका कैच मंधाना ने लपका।

एश्ले गार्डनर ने खेली कप्तानी पारी

गार्डनर ने इसके बाद वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन (13 गेंद में 25 रन) के साथ पांच ओवर में 67 रन जोड़े। डॉटिन ने अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। महिलाओं की एशेज श्रृंखला से ही शानदार फॉर्म में चल रही गार्डनर ने प्रेमा और भारत की अंडर 19 तेज गेंदबाज वीजे जोशिता को एक ओवर में तीन छक्के लगाये। डॉटिन को तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने आउट किया लेकिन तब तक गुजरात की टीम बड़ा स्कोर बना चुकी थी। रेणुका ने 25 रन देकर दो विकेट लिये।

(डेवलपिंग स्टोरी)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article