क्रिकेट

WPL 2025, DC-W vs GG-W Highlights: जेस जोनासेन ने खेली अर्धशतकीय पारी, गुजरात के खिलाफ दिल्ली की धमाकेदार जीत

WPL 2025, DC-W vs GG-W Highlights: वीमेंस प्रीमियर लीग के 10वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने ऑलराउंड प्रदर्शन कर गुजरात जायंट्स को 6 विकेट से पटखनी दी। दिल्ली की यह मौजूदा सीजन में पांच मैचों में तीसरी जीत है। टीम 6 अंक के साथ पॉइंट टेबल में टॉप पर है।

Image

जीत के जश्न मनाती हुईं दिल्ली कैपिटल्स टीम की खिलाड़ी। (फोटो- WPL Twitter)

Photo : Twitter

WPL 2025, DC-W vs GG-W Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार गेंदबाजी के बाद जेस जोनासेन (नाबाद 61 रन) के अर्धशतक की मदद से मंगलवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 29 गेंद रहते छह विकेट से शिकस्त दी। टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार गेंदबाजी की और गुजरात जायंट्स का शीर्ष क्रम ध्वस्त कर उसे महज नौ विकेट पर 127 रन बनाने दिए। फिर कप्तान मेग लैनिंग की टीम ने 15.1 ओवर में चार विकेट पर 131 रन बनाकर जीत दर्ज की जिसमें जोनासेन ने 32 गेंद की नाबाद पारी के दौरान नौ चौके और दो छक्के जमाये।

उनके अलावा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 27 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के से 44 रन का योगदान दिया। जोनासेन और शेफाली ने दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 74 रन की साझेदारी निभाई। इस जीत से दिल्ली कैपिटल्स की टीम छह अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। इससे पहले भारती फूलमाली ने नाबाद 40 रन की पारी खेलकर खराब शुरुआत करने वाली गुजरात जायंट्स को नौ विकेट पर 127 रन पर पहुंचाने में मदद की।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए शिखा पांडे, मारिजाने काप और एनाबेल सदरलैंड ने दो दो विकेट हासिल किए। गुजरात जायंट्स ने 60 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद आठवें नंबर पर बल्लेबाजी कर रही फूलमाली ने 29 गेंद में दो छक्के और चार चौके लगाकर टीम को 100 रन तक पहुंचाने में मदद की। डायंड्रा डॉटिन (26) ने पारी की शुरुआत में पांच चौके लगाए लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के एकजुट प्रदर्शन के कारण वह पारी को आगे नहीं बढ़ा सकीं।

दिल्ली की तेज गेंदबाज मारिजाने काप (17 रन देकर दो विकेट) और शिखा पांडे (18 रन देकर दो विकेट) ने जायंट्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया जिससे पावरप्ले के अंदर उनका स्कोर चार विकेट पर 20 रन हो गया। पिच पर गेंदबाजों के लिए उछाल मौजूद था। मारिजाने की गेंद पर हरलीन देओल (05) बल्ले का बाहरी किनारा लगा कर विकेट गंवा बैठी और फिर इस गेंदबाज ने फोबे लिचफील्ड को शून्य पर आउट कर दिया।

चौथे ओवर में शिखा पांडे ने बेथ मूनी (10) और काशवी गौतम को एक ही अंदाज में आउट कर दिया। दोनों बल्लेबाजो को उन्होंने क्रमशः डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग और डीप मिडविकेट पर निकी प्रसाद के हाथों कैच कराया। इसके बाद टिटास साधु ने जायंट्स की कप्तान एश्ले गार्डनर (03) के रूप में टीम को पांचवां विकेट दिलाया और एनाबेल सदरलैंड (20 रन देकर दो विकेट) ने 11वें ओवर में डॉटिन को आउट कर दिया। तनुजा कंवर 16 रन बनाकर रन आउट हुईं।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article