क्रिकेट

WPL: मुंबई इंडियन्स ने रोका दिल्ली कैपिटल्स का विजय रथ, पूरी की जीत की हैट्रिक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 9, 2023, 10:27 PM IST

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स ने दिल्ली कैपिटल्स का विजयरथ रोककर विमेंस प्रीमियर लीग में जीत की हैट्रिक पूरी की। मुंबई के गेंदबाजों के सामने दिल्ली के बल्लेबाजों की एक ना चली।

Image

मुंबई इंडियन्स(साभार MI)

Photo : Twitter

मुंबई: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियन्स ने गुरुवार को खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग के अहम मुकाबले में मेग लेनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का विजय रथ रोककर जीत की हैट्रिक पूरी की। मुंबई ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 18 ओवर में महज 105 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 106 रन के लक्ष्य को 30 गेंद और 8 विकेट रहते हासिल कर लिया। यह मुंबई इंडियन्स की लगातार तीसरी जीत है।

भाटिया और मैथ्यूज ने दिलाई मुंबई को शानदार शुरुआत

जीत के लिए मिले 106 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को यस्तिका भाटिया और हैली मैथ्यूज ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने तेजी से पहले विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। लेकिन अपना अर्धशतक पूरा करने से पहले भाटिया तारा नौरिस की गेंद पर एलबीडब्लू हो गईं। उन्होंने 32 गेंद में 41 रन बनाए। इसके बाद जल्दी है फॉर्म में चल रहीं हैली मैथ्यूज को कैप्सी ने जेमिमा के हाथों कैच कराकर दूसरी सफलता दिल्ली को दिलाई। मैथ्यूज ने 32(31) रन बनाए। लेकिन इसके बाद नैट स्कीवर ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आसानी से टीम को जीत की दहलीज बगैर किसी नुकसान के पार करा दी। ब्रंट 19 गेंद 23 और हरमनप्रीत कौर 8 गेंद में 11 रन बनाकर नाबाद रहीं।

105 रन पर ढेर हुई दिल्ली, मुंबई के गेंदबाजों ने बरपाया कहर

इससे पहले मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 18 ओवर में 105 रन पर ढेर कर दिया। मुंबई के गेंदबाजों ने शुरू से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा। उसकी तरफ से बाएं हाथ की स्पिनर सैका इशाक (13 रन देकर तीन), मध्यम गति की गेंदबाज इसी वोंग (10 रन देकर तीन) और ऑफ स्पिनर हेली मैथ्यूज (19 रन देकर तीन) ने तीन तीन विकेट लिये। दिल्ली की तरफ से केवल तीन बल्लेबाज मेग लैनिंग (41 गेंदों पर 43 रन, पांच चौके), जेमिमा रोड्रिग्स (18 गेंदों पर 25 रन, तीन चौके) और राधा यादव (10) ही दोहरे अंक में पहुंचे।

दिल्ली ने 31 रन पर गंवा दिए थे तीन विकेट

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले के छह ओवरों में केवल 29 रन बनाए और इस बीच शेफाली वर्मा (2) और एलिस कैप्सी (6) के विकेट गंवाए। मारिजान काप (2) भी आते ही पवेलियन लौट गईं जिससे स्कोर तीन विकेट पर 31 रन हो गया।

मुंबई ने 9 गेंद में 4 विकेट चटकाकर दिल्ली को बैकफुट पर धकेला

ऐसे में बल्लेबाजी करने उतरीं जेमिमा रोड्रिग्स ने नैट स्कीवर ब्रंट के ओवर में तीन चौके जड़कर स्कोर को कुछ गति प्रदान की जबकि कप्तान मेग लेनिंग ने एमेलिया केर की लगातार तीन गेंदों को सीमापार चौके के लिए भेज दिया। लेकिन इसके बाद एक बार फिर विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और दिल्ली ने 9 गेंद में महज 3 रन अपने स्कोर में जोड़कर चार विकेट गंवा दिए।

राधा यादव वे पहुंचाया 100 रन के पार

सैका इशाक ने दूसरे स्पेल में गेंद थामते ही पहले रोड्रिग्स को बोल्ड करके इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 रन की साझेदारी समाप्त की और फिर लैनिंग को एक्स्ट्रा कवर पर कैच कराया। हेली ने अगले ओवर में जेस जॉनसन (2) और मीनू मनि को आउट किया जिससे दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 81 रन से सात विकेट पर 84 रन हो गया। दिल्ली की टीम अगर तिहरे अंक में पहुंच पाई तो उसका श्रेय राधा को जाता है जिन्होंने एमिलिया केर की गेंद पर पारी का एकमात्र छक्का भी लगाया। दिल्ली ने अपने आखिरी तीन विकेट सात रन के अंदर गंवाए।

(भाषा इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article