क्रिकेट

World Cup 2023: इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेटरों ने किया अभ्यास, गिल का रहा ऐसी गेंदों पर फोकस

  • Agency by: भाषा
  • Updated Oct 27, 2023, 08:55 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को इकाना स्टेडियम में खेले जाने वाले विश्व कप के मुकाबले से पहले वैकल्पिक अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया। शुभमन गिल ने शॉर्ट पिच गेंदों पर जमकर प्रैक्टिस की।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

लखनऊ: इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप के मुकाबले से दो दिन पहले भारत के सात क्रिकेटरों ने कड़ा अभ्यास किया और शुभमन गिल का फोकस शॉर्ट गेंदों पर रहा। इस साल पांच शतक जड़ चुके गिल डेंगू से उबरने के बाद से विश्व कप में उस लय मे नहीं दिखे हैं। डेंगू के कारण वह पहले दो मैचों से बाहर रहे थे। उसके बाद से उन्होंने 26, 53 और 16 रन की पारियां खेली हैं।

विराट, रोहित और बुमराह ने नहीं किया अभ्यास

इस साल वनडे क्रिकेट में अब तक 1325 रन बना चुके गिल विश्व कप में अच्छी शुरूआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके हैं। भारत को अगर अपना अजेय अभियान कायम रखना है तो गिल को बड़ी पारी खेलनी होगी। वैकल्पिक अभ्यास सत्र में ईशान किशन, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने भी भाग लिया। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह टीम होटल में ही रहे।

सेमीफाइनल से दो कदम दूर है टीम इंडिया

भारतीय टीम अबतक खेले पांच मैच में से पांच में जीत के साथ अजेय है और अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए दो मैच और जीतने हैं। इंग्लैंड के खिलाफ फतह के बाद भारतीय टीम लगातार चौथी बार विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश करने से एक कदम दूर रह जाएगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

End of Article