एक सप्ताह पहले टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को जिंबाब्वे के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 13 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सिकंदर रजा की सेना ने युवाओं से सजी विश्व चैंपियन टीम को अपने घर पर धूल चटा दी। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 115 रन का स्कोर खड़ा किया और इसके बाद टीम इंडिया को 19.5 ओवर में 102 रन पर ढेर कर दिया। सिकंदर रजा को उनकी शानदार कप्तानी और गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। रजा ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए जिसमें शुभमन गिल का विकेट भी शामिल था।
आगे के मैचों में वर्ल्ड चैंपियन की तरह खेलेगी वर्ल्ड चैंपियन टीम
जिंबाब्वे की जीत के बाद कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, मुझे खुशी महसूस हो रही है। हम सीरीज में एक मैच को एक बार में लेंगे। हम इस जीत का जश्न जरूर मनाएंगे लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने इसके बाद चुटकी लेते हुए कहा, वर्ल्ड चैंपियन टीम वर्ल्ड चैंपियन की तरह खेलेगी ऐसे में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि मैच दर मैच अपने खेल के स्तर में बेहतरी हो।
दोनों टीमों के गेंदबाजों ने की शानदार गेंदबाजी
पिच के बारे में जिंबाब्वे के कप्तान ने कहा, मुझे नहीं लगता कि ये विकेट 116 रन वाला था ना ही 103 रन पर ऑलआउट होने वाला। इसका श्रेय दोनों टीमों के गेंदबाजों को जाता है क्योंकि ठंड की वजह से पिच पर गेंद रुक रही थी। इस पिच पर धीमी गेंद डालने की जरूरत थी।
8 साल बाद भारत से जीता जिंबाब्वे
जिंबाब्वे को भारतीय टीम के खिलाफ 8 साल बाद जीत मिली है। साल 2016 में एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम को जिंबाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उनसे पूछा गया कि क्या आपको याद है जिंबाब्वे ने भारत को इससे पहले कब हराया था तो मजाकिया अंदाज में सिंकदर ने जवाब देते हुए कहा, मैं उस मैच या सीरीज में कप्तानी नहीं कर रहा था।
हम देना चाहते थे कड़ी टक्कर
क्या जीत के लिए 115 रन का स्कोर पर्याप्त था? इसके जवाब में रजा ने कहा, 115 रन का स्कोर ज्यादा नहीं था। मैंने साथी खिलाड़ियों से कहा था कि परिणाम की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम कड़ी टक्कर देना चाहते थे और दर्शकों जो चाहते थे वो देना चाहते थे। हमने अच्छी फील्डिंग की, वो पर्फेक्ट नहीं थी। अभी भी उसमें सुधार की गुंजाइश है। हमें पता है कि फैन्स हमारा उत्साह बढ़ाने आएंगे।
