क्रिकेट

Women's World Cup 2027: विश्व कप से पहले भारत के लिए खुशखबरी, ICC रैंकिंग में टॉप पर पहुंची स्मृति मंधाना

ICC Women's ODI Rankings: वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पायदान हासिल कर लिया है। सलामी बल्लेबाज ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अर्धशतकीय पारी खेलकर रैंकिंग में इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट को पछाड़ दिया।

Image

स्मृति मंधाना (फोटो- PTI)

ICC Women's ODI Rankings: टीम इंडिया की उप-कप्तान और अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने वर्ल्ड कप से पहले बड़ा कारनामा करते हुए आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने 14 सितंबर को न्यू चंडीगढ़ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 58 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इस शानदार प्रदर्शन की वजह से मंधाना को सात रेटिंग अंक मिले और वह इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट को चार अंक के अंतर से पीछे छोड़कर नंबर 1 बल्लेबाज बन गईं।

प्रतिका रावल और हरलीन देओल की रैंकिंग में बढ़ोतरी

इसी मुकाबले में टीम इंडिया की अन्य बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने 96 गेंदों में 64 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल थे। इस प्रदर्शन के बाद वह रैंकिंग में चार पायदान की छलांग लगाकर 42वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, 54 रन बनाने वाली हरलीन देओल भी पांच पायदान ऊपर चढ़ते हुए 43वें पायदान पर आ गई हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी टीम को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की भी अच्छी बल्लेबाजी

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बेथ मूनी ने 74 गेंदों में नाबाद 77 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिससे वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। मूनी ने तीन पायदान की बढ़त हासिल की है। इसके अलावा, एनाबेल सदरलैंड और फोएबे लिचफील्ड ने भी रैंकिंग में जबरदस्त उछाल मारा है। सदरलैंड चार पायदान ऊपर 25वें स्थान पर पहुंची हैं, जबकि फोएबे लिचफील्ड 13 पायदान ऊपर छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 25वें स्थान पर हैं। एनाबेल ने भारत के खिलाफ 54 रन नाबाद बनाए, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 80 गेंदों में 88 रन बनाकर अपनी टीम की शीर्ष स्कोरर रहीं।

मैच का संक्षिप्त विवरण

इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 281 रन बनाए। हालांकि, जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 44.1 ओवरों में यह लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में फिलहाल 1-0 से आगे है। दोनों टीमें 17 और 20 सितंबर को आगामी मैचों में आमने-सामने होंगी।

महिला वनडे वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी उम्मीदें

यह मुकाबला महिला वनडे वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए एक बड़ा टेस्ट था। स्मृति मंधाना की नंबर 1 रैंकिंग और अन्य खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन से भारतीय टीम की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। आगामी वर्ल्ड कप का आगाज 30 सितंबर से होने वाला है, जहां टीम इंडिया के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी होंगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article