क्रिकेट

Women's World Cup 2025 IND W vs AUS W: जेमिमा रोड्रिग्ज के करिश्माई शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दक्षिण अफ्रीका से होगी खिताबी भिड़ंत

जेमिमा रोड्रिग्ज की 134 गेंद में 127 की नाबाद करिश्माई शतकीय पारी की बदौलत भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड स्कोर का पीछा करके ये उपलब्धि हासिल की है।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

नवी मुंबई: जेमिमा रोड्रिग्ज की 134 गेंद में 127 की नाबाद करिश्माई शतकीय पारी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम को जीत के लिए 339 रन का विशाल लक्ष्य मिला था जिसे टीम इंडिया ने 48.3 ओवर में 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। भारतीय टीम तीसरी बार फाइनल में पहुंचने में सफल हुई है। भारतीय टीम ने इसी अंदाज में ऑस्ट्रेलिया को साल 2017 में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था जहां इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उसे खिताबी मुकाबले में हार मिली था। 8 साल बाद टीम इंडिया फिर से फाइनल में पहुंची है जहां उसकी दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत होगी।

जेमिमा-हरमनप्रीत की शतकीय साझेदारी ने तैयार किया मंच

जीत के लिए 339 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने सस्ते में दो विकेट गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा 10(5) रन और फॉर्म में चल रही मंधाना 24(24) रन बनाकर पवेलियन लौट गईं थीं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को 59 पर 2 विकेट से 226 रन तक पहुंचा दिया। हरमनप्रीत कौरे के 89(88) रन बनाकर आउट होने के बाद जेमिमा ने मोर्चा संभाले रखा और अपना शतक 115 गेंद में पूरा किया। इसके बाद उन्होंने दूसरे छोर पर थोड़ी थोड़ी देर दीप्ति शर्मा(17 गेंद में 24 रन) और ऋचा घोष(16 गेंद में 26 रन) ने साथ दिया और टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। अंत में जेमिमा ने धैर्य नहीं खोया और अमनजोत कौर के साथ मिलकर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। जेमिमा 134गंद में 127 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं अमनजोत 8 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय टीम ने 48.3 ओवर में विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।

फीबी लिचफील्ड की शतकीय पारी पर फिरा पानी

ऑस्ट्रेलिया ने फीबी लिचफील्ड (119)के आतिशी शतक, एलिस पैरी(77) और एश्ले गार्डनर(63) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया के सामने 49.5 ओवर में 10 विकेट पर 338 रन का स्कोर खड़ा किया था। इतना बड़ा लक्ष्य डिफेंडिंग चैंपियन टीम के लिए फाइनल में एंट्री के लिए नाकाफी साबित हुआ। 8 साल लंबे अंतराल के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को विश्व कप में हार का सामना करना पड़ा है। पिछली हार डर्बी में टीम इंडिया के खिलाफ ही मिली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article