Mohsin Naqvi: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग फाइनल के मौके पर होने वाली आईसीसी की सालाना बोर्ड बैठक के लिए अहमदाबाद में नहीं जाएंगे। हालांकि, नकवी आईसीसी निदेशक बोर्ड की बैठक में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए शामिल होंगे। यह सुविधा उन सदस्य प्रतिनिधियों के लिए हमेशा से मौजूद रही है जो यात्रा करने में असमर्थ होते हैं। आईसीसी की यह बैठक असल में पिछले महीने दोहा में होने वाली थी, लेकिन पश्चिम एशिया में चल रहे संकट की वजह से इसे टालना पड़ा था।
वर्चुअल तरीके से मीटिंग में शामिल होंगे नकवी
सूत्रों के अनुसार, नकवी के बैठक में खुद शामिल होने की उम्मीद कभी नहीं थी और उनका वर्चुअल तरीके से शामिल होना आईसीसी के सामान्य चलन के मुताबिक ही है। नकवी उन तीन सदस्यों में से एक हैं जो इस बैठक में वर्चुअल तरीके से शामिल होंगे। यह कांफ्रेंस इसलिए भी अहम है क्योंकि यह अहमदाबाद में आईपीएल फाइनल के साथ ही होगी जिसमें अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष प्रशासकों के मौजूद रहने की उम्मीद है।
एशिया कप फाइनल के बाद बढ़ा विवाद
भारत-पाक क्रिकेट रिश्तों में खटास पहले से ही है। हाल ही में दुबई में हुए एशिया कप फाइनल के बाद ट्रॉफी विवाद ने आग में घी का काम किया था। भारतीय टीम ने फाइनल के बाद मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नाराज नकवी ट्रॉफी और मेडल लेकर स्टेडियम से निकल गए थे और उसे दुबई में ही रखने के आदेश दिए थे। BCCI ने ट्रॉफी वापस मांगी और मामला ICC तक पहुंच गया। इस विवाद के बाद दोनों बोर्डों के बीच तल्खी और बढ़ गई है।ICC के लिए अहमदाबाद की बैठक एक रूटीन प्रशासनिक प्रक्रिया है। लेकिन भारत-पाक क्रिकेट के लिहाज से ये बेहद संवेदनशील बन गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि मोहसिन नकवी खुद अहमदाबाद आते हैं, वर्चुअली जुड़ते हैं या पाकिस्तान किसी और प्रतिनिधि को भेजता है। उनका फैसला आने वाले दिनों में दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों की दिशा तय कर सकता है। फैंस के बीच भी इसे लेकर जबरदस्त चर्चा है कि क्या सालों बाद किसी पाकिस्तानी क्रिकेट अधिकारी का भारत दौरा होगा या नहीं।
