क्रिकेट

RCB क्यों है सबसे मजबूत टीम, क्या है सबसे बड़ी खासियत, टीम के निदेशक बोबाट ने किया खुलासा

RCB Cricket Director Mo Bobat on Team Efficiency: आरसीबी के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने गत चैंपियन के क्वालीफायर एक में गुजरात टाइटन्स को करारी शिकस्त देने के बाद लगातार दूसरे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फाइनल में पहुंचने के बाद टीम के ’सामूहिक योगदान’ की तारीफ की। आरसीबी ने पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गुजरात टाइटन्स को 162 रन पर ऑल आउट कर दिया।

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू क्या सबसे मजबूत टीम है?

Photo : AP

RCB, IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने गत चैंपियन के क्वालीफायर एक में गुजरात टाइटन्स को करारी शिकस्त देने के बाद लगातार दूसरे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फाइनल में पहुंचने के बाद टीम के ’सामूहिक योगदान’ की तारीफ की। आरसीबी ने पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गुजरात टाइटन्स को 162 रन पर ऑल आउट कर दिया। आरसीबी की जीत में कप्तान रजत पाटीदार की 33 गेंदों पर खेली गई 93 रन की तूफानी नाबाद पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन का अहम योगदान रहा।

बोबाट ने कहा कि पिछले दो सत्र में आरसीबी के शानदार प्रदर्शन से सबसे बड़ी सीख यह मिली है कि दबाव वाले हालात में कई खिलाड़ी लगातार आगे बढ़कर टीम के लिए योगदान दे रहे हैं। बोबाट ने कहा, "मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी जीत में कई खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं। हम बल्लेबाजी या गेंदबाजी के लिए सिर्फ एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं हैं। हमारी टीम के कई खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है।"

उन्होंने कहा, "अगर हर कोई अपना योगदान देता है और अपनी भूमिका ठीक से निभाता है तो नतीजे अपने आप ही अच्छे आते हैं। आज के मैच से मिली सबसे उत्साहजनक बात शायद यही है। और साथ ही यह भी कि हम फाइनल में पहुंच गए हैं।" बोबाट ने कप्तान पाटीदार की खास तारीफ की जिनकी विस्फोटक पारी ने आरसीबी के शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद टाइटन्स के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने कहा, "वह इस समय निश्चित रूप से शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और आज की पारी वाकई बहुत खास थी। मुझे पूरा यकीन है कि एक बड़े क्वालीफायर और इतने अहम मैच में टीम के लिए आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाने पर उन्हें खुद भी बहुत खुशी हो रही होगी।" बोबाट ने कहा, "मेरा मानना है कि जिस भी टीम का कप्तान अच्छा खेलता है, उस टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ जाता है। वह खुद आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।"

पाटीदार को एक शांत स्वभाव का नेतृत्वकर्ता बताते हुए बोबाट ने कहा कि इस सत्र में कप्तान की खेल की समझ और दबाव झेलने की क्षमता सबसे खास रही है। उन्होंने कहा, "इस साल उन्होंने मैच के अहम पलों को बहुत समझदारी से चुना है। आज के मैच की ही बात करें तो जब हमारे दो विकेट जल्दी गिर गए थे तब उन्होंने क्रीज पर जमने के लिए थोड़ा समय लिया, एक छोटी सी साझेदारी बनाई और फिर अपनी पारी की रफ्तार बढ़ा दी।"

बोबाट ने कहा, "इसके लिए रणनीति में सचमुच बहुत ज्यादा अनुशासन और समझदारी की जरूरत होती है। उसका स्थितियों और हालात को समझना, और यह जानना कि कब अपनी पूरी तेजी से खेलना है और कब थोड़ा धीमा होना है, उसके विकास का एक बहुत ही शानदार हिस्सा है।"

बोबाट ने दबाव वाले मैचों में विराट कोहली, कृणाल पंड्या, जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के प्रभाव की बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अगर आप ऐसी टीम बना पाते हैं जिसमें खिलाड़ी दबाव वाली स्थितियों का सामना करने के लिए आगे आते हैं, जिसमें वे या तो पलटवार कर सकते हैं या दबाव को झेलकर सटीक तरीके से खेल सकते हैं, तो यही वे चीजें हैं जिनकी आप तलाश में होते हैं।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article