Rishabh Pant: लखनऊ की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली IPL 2026 की पहली टीम है। पंजाब के खिलाफ मुकाबले से पहले लखनऊ की टीम ने 13 मुकाबले खेलकर 4 जीत और 9 हार के साथ पॉइंट टेबल में 10वें पायदान पर रही। पंजाब के खिलाफ मुकाबले का टॉस हारकर लखनऊ के 27 करोड़ी कप्तान ऋषभ पंत ने जो बोला, उसे लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की बातें की जाने लगीं। उनका यह बयान इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद क्रिकेट की गलियारों में कयास लगाया जाने लगा कि ऋषभ पंत अगला सीजन लखनऊ के साथ खेलेंगे या नहीं?
ऋषभ पंत ने मांगी माफी
दरअसल, ऋषभ पंत ने इस मैच से पहले लाइव टीवी पर माफी मांगी। टॉस हारने के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि यह सीजन उनकी टीम के लिए काफी मुश्किल भरा रहा। हालांकि, उनकी टीम और उन्हें खुद भी इस सीजन बहुत कुछ सीखने को मिला। ऋषभ पंत ने इसके आगे कहा बतौर टीम के कप्तान और व्यक्तिगत तौर पर भी वह अपने फैंस से माफी मांगना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके फैंस यूपी से यहां आए हैं। भले ही उनके लिए यह सफर काफी मुश्किल रहा है, लेकिन आज पंजाब के खिलाफ मैच में वह अपना शत प्रतिशत देंगे।
ऋषभ पंत का परफॉर्मेंस बहुत खराब
गौरतलब है कि ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 24 नवंबर 2024 को सऊदी अरब के जेद्दा में हुए IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ बोली लगाकर खरीदा था। इतनी बड़ी कीमत के साथ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। हालांकि, वह अपनी टीम के उम्मीदों पर उतने खरे नहीं उतरे और लगातार दो सीजन लखनऊ का प्रदर्शन काफी खराब रहा। जहां पिछले सीजन लखनऊ की टीम पॉइंट टेबल में सातवें पायदान पर थी। वहीं इस सीजन वह सबसे नीचे 10वें पायदान पर रही। जहां तक ऋषभ पंत की बात है तो इस सीजन उन्होंने 14 मुकाबले में 28.36 की औसत से मात्र 312 रन बनाए। वहीं पिछले सीजन 14 मुकाबलों में वह सिर्फ 269 रन ही बना पाए थे। लखनऊ की कप्तानी करते हुए उन्होंने 28 मैचों में सिर्फ दो हाफ सेंचुरी लगाई है। वहीं सिर्फ एक शतक उनके नाम रहा।
