IND vs AUS Semi Final: दुबई में खेले जा रहे भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) चैंपियंस ट्रॉफी पहले सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया के खिलाड़ी हाथ पर काली पट्टी (Black Arm Band) बांधकर मैदान पर उतरे हैं। भारतीय टीम के खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट के दिग्गज पद्माकर शिवालकर की याद और सम्मान में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल के दौरान भारतीय टीम ने ये कदम उठाया।
शिवालकर का उम्र संबंधी बीमारी के कारण सोमवार को निधन हो गया था। उन्होंने 84 साल की उम्र में मुंबई में अंतिम सांस ली। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर लिखा, "स्वर्गीय पद्माकर शिवालकर के सम्मान में भारतीय टीम आज काली पट्टी बांधकर खेल रही है।" शिवालकर उन बेहतरीन स्पिनरों में से एक थे जिन्हें भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला क्योंकि वह बिशन सिंह बेदी जैसे महान खिलाड़ियों के युग में खेले थे।
वामहस्त स्पिनर शिवालकर ने मुंबई के लिए 124 प्रथम श्रेणी मैचों में 589 विकेट लिए। शिवालकर को बीसीसीआई द्वारा प्रतिष्ठित सीके नायडू ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मौजूदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी मुंबई से हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ये पहला मौका है जब किसी आईसीसी इवेंट के सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने आई हैं। इससे पहले इन दोनों टीमों की वनडे क्रिकेट में आखिरी टक्कर आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में हुई थी जहां ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मात देकर खिताब अपने नाम किया था।
