क्रिकेट

IND vs WI: चेतेश्वर पुजारा की क्यों हुई टीम इंडिया से छुट्टी?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 23, 2023, 07:20 PM IST

भारतीय टीम की नई दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खराब प्रदर्शन के बाद विंडीज दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। जानिए क्या है उन्हें टीम से बाहर किए जाने की अहम वजह?

Image

चेतेश्वर पुजारा

Photo : AP

मुंबई: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के हाल ही में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया की नई दीवार माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा का बल्ला कंगारुओं के खिलाफ खिताबी मुकाबले की दोनों पारियों में खामोश रहा। मैच की दोनों पारियों में पुजारा 14 और 27 रन बना सके। भारतीय टीम को 209 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा और लगातार दूसरी बार टीम इंडिया के हाथ से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनने का मौका फिसल गया।

युवाओं को मौका देना चाहते हैं कोच और चयनकर्ता

टाइम्स ऑफ इंडिया को बीसीसीआई के सूत्र द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक चयनकर्ता और कोच(राहुल द्रविड़) यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को मौता देना चाहते थे। इसी वजह से पुजारा को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में नहीं चुना गया। पुजारा को यह बात साफ तौर पर बता दी गई है कि उनके लिए टीम के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं। अगर वो घरेलू क्रिकेट में रन बनाने में सफल होते हैं तो उनकी टीम में वापसी हो सकती है।

भारत के लिए नहीं दोहरा सके काउंटी का प्रदर्शन

चेतेश्वर पुजारा का फॉर्म भारतीय टीम के लिए खेलते हुए डामाडोल रहा है। वो लगातार अपनी पहचान के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। अबतक करियर में 103 टेस्ट खेल चुके 35 वर्षीय पुजारा साल 2022 से काउंटी सर्किट में जमकर रन बना रहे हैं लेकिन वो उस फॉर्म को टीम इंडिया के लिए खेलते हुए दोहराने में नाकाम रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र के लिए खेलने वाले पुजारा एक दशक से भारतीय टीम के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते रहे हैं। ऐसे में अब युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

चार साल में जड़ा केवल एक शतक

साल 2020 से अबतक पुजारा ने टीम इंडिया के लिए खेले 28 टेस्ट की 52 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए कुल 1455 रन 29.69 के औसत से बनाए हैं। उनके बल्ले से इस दौरान केवल एक शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। पिछले चार साल में पुजारा ने अपना एकलौता शतक 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में जड़ा था। पुजारा का पिछले चार साल का प्रदर्शन उनके करियर के प्रदर्शन से फीका रहा है। करियर में खेले 103 टेस्ट की 176 पारियों में उन्होंने 7195 रन 44.36 के औसत से बनाए हैं। जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article