who Won Yesterday IPL Match 14 May, 2026, PBKS vs MI, kal ka match kaun jeeta: प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियन्स ने गुरुवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से पटखनी देकर उसके प्लेऑफ के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम अच्छी शुरुआत के बाद 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए 201 रन के लक्ष्य को मुंबई इंडियन्स ने 19.5 ओवर में तिलक वर्मा की 33 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी की बदौलत हासिल कर लिया। यह पंजाब किंग्स की सीजन में लगातार पांचवीं हार है। इस हार के साथ पंजाब किंग्स के खाते में 12 मैच में 6 जीत और 5 हार के साथ 13 अंक हैं। अंक तालिका में पंजाब अभी भी चौथे पायदान पर बनी हुई है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अब बाकी बचे दो मुकाबले किसी भी हाल में जीतने होंगे तभी उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुलेंगे। मुंबई इंडियन्स की टीम आज के मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में खेलने उतरी और मैच में जीत दर्ज करने में सफल रही। मुंबई की यह 12 मैच में चौथी जीत है। 8 अंक के साथ पांच बार की चैंपियन अभी भी नौवें पायदान पर काबिज है। ऐसा रहा पंजाब और मुंबई के बीच खेले गए मुकाबले के पल पल का हाल।
मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस:
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पंजाब किंग्स की शानदार शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए पारी की शुरुआत करने प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी उतरी। दोनों ने टीम को 5.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन अगली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को दीपक चाहर ने बोल्ड करके पंजाब को पहला झटका दे दिया। प्रियांश 22(17) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके जड़े।
प्रभसिमरन सिंह ने जड़ा शानदार अर्धशतक
प्रियांश के आउट होने के बाद प्रभसिमरन सिंह का साथ देने कूपर कोनोली आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया। पॉवरप्ले के समाप्त होने तक पंजाब ने एक विकेट के नुकसान पर 55 रन बना लिए थे। प्रभसिमरन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी को जारी रखा और 29 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और पंजाब को 100 रन के पार 11 ओवर में पहुंचा दिया। दूसरे विकेट के लिए प्रभसिमरन और कोनोली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी 33 गेंद में पूरी हो गई। इस साझेदारी में प्रभसिमरन ने 28 और कोनोली ने 21 रन का योगदान दिया।
श्रेयस अय्यर का नहीं चला बल्ला, शार्दुल ने बरपाया कहर
दोनों की साझेदारी 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर टूटी। प्रभसिमरन 57(32) रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर कार्बिन बॉश के हाथों लपके गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर 111 के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो 4(2) रन बना सके। इसके बाद इसी स्कोर पर कूपर कोनोली को राज अंगद बावा ने बोल्ड कर दिया। वो 21(22) रन बना सके।
111 रन पर पंजाब ने गंवाए 4 विकेट
111 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद पंजाब किंग्स की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में श्रेयांश शेडगे औक शशांक सिंह ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने टीम को 123 रन तक पहुंचाया लेकिन शेडगे को शार्दुल ने बावा के हाथों कैच कराकर पंजाब को पांचवां झटका दे दिया। इसके थोड़ी देर बाद शशांक सिंह 2(3) रन बनाकर कार्बिन बॉश और मार्को यानसेन 2(7) रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने।
200 रन बनाने में सफल रही पंजाब किंग्स
16.2 ओवर में 140 रन पर पंजाब ने 7 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में सीजन में पहली बार खेल रहे अजमतउल्लाह उमरजई ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए विष्णु विनोद और के साथ मिलकर टीम को 166 रन तक पहुंचा दिया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर उमरजई 38(17) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अंत में जेवियर बार्टलेट और विष्णु विनोद ने मिलकर पंजाब को 20 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन तक पहुंचा दिया। विनोद 15(8) और बार्टलेट 18(7) रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट शार्दुल ठाकुर ने लिए। वहीं 2 विकेट दीपक चाहर के हाथ लगे। एक-एक सफलता कार्बिन बॉश और राज अंगद बावा के हाथ लगी।
रोहित-रिकेल्टन ने दिलाई मुंबई को अच्छी शुरुआत
जीत के लिए 201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियन्स के लिए पारी का आगाज करने रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन की जोड़ी उतरी। दोनों ने 5.2 ओवर में मुंबई को बगैर किसी नुकसान के 50 रन के पार पहुंचा दिया। इस साझेदारी में रोहित ने केवल 6 रन का और रियान रिकेल्टन ने 46 रन का योगदान दिया। दोनों ने टीम को पॉवरप्ले के अंत में 6 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 59 रन तक पहुंचा दिया।
रिकेल्टन बने उमरजई का शिकार
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद मुंबई इंडियन्स को पहला झटका रियान रिकेल्टन के रूप में लगा। सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर रिकेल्टन 48(23) रन बनाकर अजमतउल्लाह उमरजई की गेंद पर प्रियांश आर्य के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और चार छक्के जड़े। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए नमन धीर ने रोहित शर्मा के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 81 रन तक पहुंचा दिया। नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर नमन को मार्को यानसेन ने अर्शदीप के हाथों कैच करा दिया। नमन 9(6) रन बना सके। इसके बाद अगली ही ओवर में रोहित शर्मा को युजवेंद्र चहल ने बोल्ड कर दिया। रोहित 25(26) रन बना सके।
88 रन पर मुंबई ने गंवाए 3 विकेट
मुंबई इंडियन्स ने 9.3 ओवर में 88 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में तिलक वर्मा और शेरफेन रदरफोर्ड ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मुंबई को 11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। 14 ओवर में मुंबई ने 3 विकेट पर 121 रन बना लिए थे। ये साझेदारी आगे भी चलती रही और पंजाब ने 149 रन के आंकड़े को छू लिया। लेकिन 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर रदरफोर्ड को उमरजई ने कैच करा दिया। वो 20(21) रन बना सके।
तिलक और जैक्स ने दिलाई अंतिम पल में मुंबई को जीत
मुंबई के सामने रदरफोर्ड के आउट होने के बाद 21 गेंद में 51 रन बनाने का लक्ष्य आ खड़ा हुआ। एक छोर प तिलक वर्मा डटे थे दूसरे पर साथ देने विल जैक्स आए। दोनों ने तेजी से रन बनाना शुरू किया। तिलक ने इस दौरान अपना अर्धशतक 25 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अंतिम ओवर में जीत के लिए मुंबई को 15 रन बनाने थे। विल जैक्स ने ओवर की शुरुआत छक्के के साथ की और स्ट्राइक तिलक वर्मा को दे दी। तिलक ने इसके बाद चौथी और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर मुंबई को शानदार जीत दिला दी। तिलक 33 गेंद में 75 और विल जैक्स 10 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। तिलक ने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े। वहीं जैक्स ने 2 चौके और 2 छक्के जड़े। मुंबई ने विजयी लक्ष्य को 19.5 गेंद में तिलक वर्मा के विजयी छक्के की बदौलत हासिल कर लिया।
प्लेयर ऑफ द मैच:
तिलक वर्मा को उनकी 33 गेंद में 75 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
