Who Won Yesterday Cricket Match (11 May, 2026): दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने एक ओवर पहले ही इसे 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। दिल्ली की ओर से कप्तान अक्षर पटेल ने कप्तानी पारी खेलते हुए अर्धशतक जड़ा। डेविड मिलर ने भी 28 गेंद में 51 रन की पारी खेली। इससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया। पंजाब की ओर से प्रियांश आर्य और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारी खेली।
दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम ने पांच बदलाव करते हुए अभिषेक पोरेल, साहिल पारेख, डेविड मिलर, आकिब नबी और माधव तिवारी को मौका दिया है। पंजाब ने चोटिल लॉकी फर्ग्युसन की जगह बेन ड्वारशुइस को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।
पंजाब किंग्स की धमाकेदार शुरुआत
पंजाब किंग्स की ओर से प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने धमाकेदार शुरुआत की। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे पंजाब किंग्स ने प्रियांश और प्रभसिमरन सिंह की धमाकेदार बैटिंग के दम पर पावरप्ले में बिना विकेट खोए 72 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। प्रियांश ने मिचेल स्टार्क पर दो छक्कों के साथ शुरुआत की जबकि प्रभसिमरन ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका जड़ा जिससे पहले ओवर में 22 रन बने।
24 गेंद में प्रियांश का अर्धशतक
प्रियांश ने लुंगी एन्गिडी पर दो छक्के मारे और मुकेश कुमार की गेंद को भी बाउंड्री के पार पहुंचाया। उन्होंने आकिब नबी की गेंद पर एक रन के साथ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद मुकेश की गेंद को पुल करने की कोशिश में प्रियांश डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर आकिब को कैच दे बैठे।
कोनोली और अय्यर की शतकीय साझेदारी
कूपर कोनोली और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 52 गेंद में 83 रन की साझेदारी की। इस दौरान कूपर कोनोली ने 27 गेंद में 38 रन की पारी खेली। कोनोली माधव तिवारी का शिकार बने।
श्रेयस अय्यर का अर्धशतक
श्रेयस अय्यर ने माधव तिवारी की गेंद पर छक्के के साथ 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनका लगातार चौथा अर्धशतक था और इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अय्यर ने 36 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 59 रन की पारी खेली
स्टार्क और माधव की गेंदबाजी
दिल्ली की ओर से माधव तिवारी ने 40 जबकि मिचेल स्टार्क ने 57 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। स्टार्क का यह आईपीएल में सबसे महंगा स्पेल भी रहा।
19वें ओवर का रोमांच
स्टार्क ने इसके बाद लगातार गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस (01) और शशांक सिंह (00) को पवेलियन भेजा। सूर्यांश शेडगे ने स्टार्क पर दो छक्कों और एक चौके के साथ 19वें ओवर में टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। पंजाब ने 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए।
दिल्ली की खराब शुरुआत
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 10 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। अभिषेक पोरेल 5 रन की पारी खेलकर यश ठाकुर का शिकार बने। इससे पहले कि दिल्ली संभल पाती इनफॉर्म केएल राहुल भी 9 रन बनाकर चलते बने।
पावरप्ले रहा पंजाब के नाम
पावरप्ले में दिल्ली के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। आईपीएल 2026 में पहली बार पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने पावरप्ले में 3 विकेट झटके। पावरप्ले में दिल्ली ने 3 विकेट के नुकसान पर 47 रन ही बनाए।
रन आउट हुए ट्रिस्टन स्टब्स
ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल ने चौथे विकेट के लिए 23 गेंद में 41 रन जोड़ लिए थे। ये साझेदारी खतरनाक नजर आ रही थी, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स रन आउट हो गए। स्टब्स 17 गेंद में 12 रन बनाकर कूपर कोनोली के हाथों रन आउट हुए।
डेविड मिलर और अक्षर ने कराई वापसी
ट्रिस्टन स्टब्स का विकेट गंवाने के बाद डेविड मिलर और अक्षर पटेल ने 34 गेंद में 64 रन की साझेदारी की और दिल्ली को मैच में वापस ले आए। मिलर ने 4 छक्के और 3 चौके की दम पर 28 गेंद में 51 और अक्षर पटेल ने 30 गेंद में 56 रन की पारी खेली।
आशुतोष शर्मा और माधव का तूफान
एक वक्त दिल्ली की टीम 170 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। दिल्ली को 21 गेंद में 41 रन की दरकार थी और तब आशुतोष शर्मा और माधव तिवारी ने मोर्चा संभाला और 7वें विकेट के लिए केवल 14 गेंद में 35 रन जोड़कर दिल्ली की जीत सुनिश्चित कर दी। आशुतोष शर्मा ने 10 गेंद में 24 और माधव तिवारी ने 8 गेंद में 18 रन की पारी खेली। विजयी शॉट आकिब नबी ने जड़ा, जो 2 गेंद में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
