शहर

Blue Drum Murder Case: मुस्कान और साहिल को फांसी या उम्रकैद? कुछ ही घंटों में आएगा अदालत का बड़ा फैसला

Blue Drum Murder Case: मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत आज शाम 4 बजे सजा का ऐलान करेगी। अभियोजन पक्ष ने इसे 'रेरेस्ट ऑफ रेरेस्ट' मामला बताते हुए दोषियों मुस्कान और साहिल के लिए फांसी की मांग की है, जबकि बचाव पक्ष ने कम सजा की गुहार लगाई है।

Image

सौरभ राजपूत हत्याकांड (फाइल फोटो)

Blue Drum Murder Case: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज और अब से कुछ देर बाद कोर्ट का फैसला आने वाला है। कोर्ट में सजा पर दोनों पक्षों की लंबी बहस पूरी हो चुकी है, और आज शाम 4 बजे अदालत इस खौफनाक मामले में अपना फैसला सुनाएगी कि दोषियों को क्या सजा मिलेगी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के तीन बड़े फैसलों का हवाला देते हुए इस घटना को 'रेरेस्ट ऑफ रेरेस्ट' (सबसे दुर्लभ) कैटेगरी में रखने की मांग की।

सरकारी वकील ने कोर्ट के सामने दलील दी कि यह कोई अचानक हुआ हादसा नहीं था, बल्कि बेहद शातिर तरीके से सोच-समझकर रची गई साजिश थी। हत्या के बाद भी आरोपी बेखौफ घूमते रहे, इसलिए उन्हें फांसी की सजा दी जानी चाहिए। वहीं दूसरी ओर, बचाव पक्ष के वकीलों ने कोर्ट से कम से कम यानी मिनिमम सजा देने की अपील की है।

अदालत ने दोनों को माना था दोषी

बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में अदालत ने पुख्ता सबूतों के आधार पर मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को सौरभ राजपूत का कातिल करार दिया था। इस फैसले के बाद से मृतक की मां रेनू देवी और भाई राहुल न्याय की उम्मीद में लगातार आंसू बहा रहे हैं। उनका साफ कहना है कि उनके बेटे के साथ जो दरिंदगी हुई है, उसके बाद इन दोनों को फांसी से कम कुछ भी मंजूर नहीं है।

4 मार्च 2025 की घटना

यह दिल दहला देने वाली घटना 4 मार्च 2025 की है। आरोप है कि सौरभ की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े किए गए और उन्हें एक नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से हमेशा के लिए सील कर दिया गया था। इस सनसनीखेज वारदात को 19 महीने बीत चुके हैं, लेकिन ब्रह्मपुरी का वह मकान आज भी खामोश और वीरान पड़ा है।

मकान मालिक का कहना है कि लोग अब इस जगह को 'हत्या वाला घर' कहकर बुलाते हैं, जिसके चलते वहां न तो कोई नया किराएदार टिकता है और न ही कोई उसे खरीदने को तैयार है। पुलिस और कानून के इस शिकंजे के बीच आज पूरे मेरठ की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article