who won yesterday IPL Match, 26 April, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) LSG vs KKR kal ka IPL Match kaun jeeta: कोलकाता नाईट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को इकाना स्टेडियम में सुपर ओवर तक गए रोमांचक मुकाबले में पटखनी देकर सीजन में खराब शुरुआत के बाद लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मैच में कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिंकू सिंह की 51 गेंद में 83 रन की आतिशी पारी की बदौलत 7 विकेट पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया था। मोहसिन खान ने पांच विकेट चटकाकर कोलकाता को बड़ा स्कोर नहीं खड़ा करने दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बना सकी। मोहम्मद शमी ने छक्का जड़कर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम 1 रन बना सकी और जीत के लिए मिले 2 रन के लक्ष्य को कोलकाता ने रिंकू सिंह के चौके की बदौलत तीसरी गेंद में हासिल कर लिया। जानिए कैसा रहा आईपीएल 2026 के सुपर ओवर तक गए मुकाबले का रोमांच?
लखनऊ ने जीता टॉस:
कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
खराब रही कोलकाता की शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही। मोहसिन खान ने पहले ही ओवर में कहर बरपाते हुए टिम सीफर्ट को मुकुल चौधरी के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने अंगकृष रघुवंशी आए। दोनों स्कोर को 16 रन तक ले गए। चौथे ओवर में इसी स्कोर पर कप्तान रहाणे 10(15) रन बनाकर मोहसिन की गेंद पर मार्करम के हाथों लपके गए।
नाटकीय ढंग से आउट हुए रघुवंशी
16 रन पर केकेआर के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला। लेकिन पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी नाटकीय रूप से ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड(क्षेत्ररक्षण में बाधा) आउट करार दिए गए। रघुवंशी 9(8) रन बना सके। रघुवंशी के आउट होने के बाद ग्रीन और पॉवेल ने कोलकाता को पॉवरप्ले के अंत में 3 विकेट के नुकसान पर 31 रन बना सकी। पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद सातवें ओवर की पहली गेंद पर रोवमैन पॉवेल को मोहसिन खान ने विकेट के पीछे कैच कराकर चौथा झटका कोलकाता को दे दिया। पॉवेल 1 रन बना सके।
मोहसिन ने चटकाए पांच विकेट
31 रन पर 4 विकेट गंवाकर कोलकाता की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में पारी को ग्रीन और रिंकू सिंह ने संभाला। दोनों ने टीम को 8.3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया और स्कोर को 73 रन तक ले गए। 11वें ओवर में ग्रीन को मोहसिन ने विकेट के पीछे कैच कराकर लखनऊ को पांचवीं सफलता दिलाई। इसके बाद अगली ही गेंद पर अनुकूल रॉय भी कैच दे बैठे। वो अपना खाता नहीं खोल पाए। मोहसिन खान ने इसके साथ पारी में पांच विकेट पूरे कर लिए।
रिंकू ने जड़ा अर्धशतक, कोलकाता ने बनाए 7 विकेट पर 155 रन
73 रन पर 6 विकेट कोलकाता ने गंवा दिए थे। ऐसे में रिंकू सिंह संकटमोचक बनकर उभरे। रिंकू एक छोर से रन बनाते रहे और दूसरे छोर पर उनका साथ पहले रमनदीप सिंह ने दिया। दोनों स्कोर को 93 रन तक ले गए। इसके बाद रिंकू ने इस दौरान अपना अर्धशतक 42 गेंद में 6 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दूसरे छोर पर उनका साथ साथ सुनील नरेन दे रहे थे दोनों ने आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 27 गेंद में पूरी कर ली। साझेदारी में रिंकू ने 44 और नरेन ने 4 रन का योगदान दिया। पारी के आखिरी ओवर में रिंकू ने दिग्वेश राठी की गेंद पर लगातार चार छक्के जड़ दिए। अंत में केकेआर 7 विकेट पर 155 रन बना सकी। रिंकू सिंह 83(51) और नरेन 4(6) रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए मोहसिन खान ने 5 और जॉर्ज लिंडे एक विकेट अपने नाम किया।
खराब रही लखनऊ की शुरुआत
जीत के लिए 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ के लिए पारी की शुरुआत करने एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की जोड़ी उतरी। लेकिन दूसरे ओवर की पहली गेंद पर मार्श को वैभव अरोड़ा ने पॉवेल के हाथों कैच करा दिया। मार्श 2 रन बना सके।
पंत और मार्करम ने संभाली पारी
पहला विकेट गंवाने के बाद ए़डेन मार्करम और ऋषभ पंत ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने लखनऊ को शुरुआती झटके से उबारते हुए पॉवरप्ले के अंत में एक विकेट पर 37 रन तक पहुंचा दिया। लखनऊ ने 8.2 ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद पंत और मार्करम ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 50 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में मार्करम ने 28 और पंत ने 26 रन का योगदान दिया। लखनऊ को दूसरा झटका 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। मार्करम को कैमरन ग्रीन ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। मार्करम 31(27) रन बना सके। 65 के स्कोर पर लखनऊ को दूसरा झटका लगा।
पंत के आउट होने के बाद लगी विकेटों की झड़ी
मार्करम के आउट होने के बाद पंत को निकोलस पूरन का साथ मिला। पंत लेकिन ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके और सुनील नरेन की गेंद पर 42(38) रन बनाकर विकेट के पीछे कैच लपके गए। इसके बाद निकोलस पूरन का खराब फॉर्म जारी रहा। वरुण ने पूरन को नरेन के हाथों कैच करा दिया। पूरन 9 रन बना सके। इसके बाद फॉर्म में चल रहे मुकुल चौधरी को अनुकूल रॉय ने रिंकू के हाथों कैच करा दिया। मुकुल 1(2) रन बना सके। लखनऊ ने 15.1 ओवर में 93 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में आयुष बदोनी और इम्पैक्ट सब मुकुल चौधरी ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 120 रन तक ले गए। 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर बदोनी को वरुण ने अनुकूल के हाथों कैच करा दिया। बदोनी 24(19) रन बना सके। 20 वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने छक्का जड़कर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया।
सुपर ओवर मेंं केकेआर ने मारी बाजी
सुपर ओवर की में पहले बल्लेबाजी करने लखनऊ की टीम उतरी।लेकिन के लिए पारी का आगाज करने निकोलस पूरन और एडेन मार्करम की जोड़ी उतरी। केकेआर के लिए पहले गेंदबाजी करने आए सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर पूरन को बोल्ड कर दिया। इसके बाद तीसरी गेंद पर मार्करम को कैच करा दिया। ऋषभ पंत ने एक रन बनाए। ऐसे में जीत के लिए मिले 2 रन के लक्ष्य को रिंकू सिंह के चौके की बदौलत हासिल कर लिया। यह केकेआर लगातार दूसरी जीत है।
प्लेयर ऑफ द मैच
मैच में 83 रन की नाबाद पारी खेलने और चार कैच लपकने वाले रिंकू सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
