भारत ने तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से रौंदा, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Jan 28, 2026, 04:45 PM IST
भारत ने न्यूजीलैंड को गुवाहाटी में खेले गए पांच मैच की सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में 8 विकेट से 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारतीय बल्लेबाजों की आंधी में गुवाहाटी में कीवी टीम उड़ गई। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
भारत बनाम न्यूजीलैंड, तीसरा टी20, कल का मैच कौन जीता
टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा,सूर्यकुमार यादव और ईशान आतिशी पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड को गुवाहाटी में खेले गए पांच मैच की सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में धमाकेदार अंदाज में 8 विकेट से मात देकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। जीत के लिए मिले 154 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने आतिशी अंदाज में 10 ओवर में हासिल कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 68* (20), सूर्यकुमार यादव ने 57*(26) और ईशान किशन 28(13) रन की आतिशी पारियां खेलीं और टीम इंडिया की लगातार दूसरी एकतरफा जीत में अहम भूमिका अदा की।
भारत ने जीता टॉस
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुवाहाटी में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए वहीं न्यूजीलैंड एक बदलाव के साथ मैदान में उतरा।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत
न्यूजीलैंड के लिए पारी की शुरुआत करने डेवोन कॉन्वे और टिम सीफर्ट की जोड़ी उतरी। हर्षित राणा एक बार फिर डेवोन कॉन्वे को अपना शिकार बनाने में सफल रहे। उनकी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने उनका शानदार कैच लपक लिया। कॉन्वे 1(2) रन बना सके। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने दूसरे ओर की चौथी गेंद पर रचिन रवींद्र को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। रचिन 4(5) रन बना सके। इसके बाद पॉवरप्ले के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर गेंदबाजी करने आए जसप्रीत बुमराह ने टिम सीफर्ट को बोल्ड करके कीवी टीम को तीसरा झटका दे दिया। सीफर्ट 12(11) रन बना सके।
ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने संभाली पारी
34 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की टीम बैकफुट पर आ गई। ऐसे में ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पारी को संभाला और टीम को 50 रन के पार पहुंचाया और स्कोर को 86 रन तक ले गए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 38 गेंद में पूरी की और टीम को 10 ओवर में 3 विकेट पर 75 रन तक पहुंचा दिया।
बिश्नोई ने तोड़ी साझेदारी
रवि बिश्नोई ने इस साझेदारी को 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर तोड़ दिया। चैपमैन 32(23) रन बनाकर बिश्नोई की गेंद पर विकेट के पीछे संजू सैमसन के हाथों लपके गए। 86 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लग। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने टीम को 100 रन के पार 13.1 ओवर में पहुंचा दिया। लेकिन मिचेल भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। मिचेल पांड्या की गेंद पर ईशान किशन के हाथों लपके गए। मिचेल ने 14(8) रन बनाए।
अर्धशतक से चूके फिलिप्स
मिचेल के आउट होने के बाद कप्तान सेंटनर बल्लेबाजी करने आए। फिलिप्स और सेंटनर ने एक बार फिर पारी को संवारने की कोशिश की लेकिन फिलिप्स अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। उन्होंन रवि बिश्नोई ने ईसान किशन के हाथों कैच कराया। फिलिप्स 48(40) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
153 रन बना सकी न्यूजीलैंड की टीम
फिलिप्स के आउट होने के बाद मिचेल सेंटनर एक ठोर संभाले रहे। दूसरे छोर से थोड़ी देर उनका साथ काइल जैमीसन ने दिया। लेकिन उन्हें भी बुमराह ने बोल्ड कर दिया। वो 3 रन बना सके। सेंटनर 20वें ओवर की पहली गेंद पर 27(17) रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद न्यूजीलैंड 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन बना सका। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। दो-दो विकेट हार्दिक पांड्या और रवि बिश्वोई की झोली में गए। एक सफलता हर्षित राणा को मिली।
भारत की खराब शुरुआत, फिर नाकाम हुए सैमसन
जीत के लिए 154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की पारी की शुरुआत खराब रही। पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को मैट हेनरी ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने इसी ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर स्कोर को एक ओवर में एक विकेट पर 16 रन कर दिया। दूसरे छोर पर खड़े अभिषेक ने अपना खाता छक्के के साथ खोला। दोनों ने आतिशी अंदाज में कीवी गेंदबाजों की धुनाई करते हुए टीम इंडिया को 3.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद अगली ही गेंद पर ईशान किशन 13 गेंद में 28 रन बनाकर ईश सोढी की गेंद पर लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के जड़े।
अभिषेक और सूर्या ने दिलाई आतिशी जीत
टीम को 100 रन के पार पहुंचते ही दोनों ने दोनों छोर से हल्ला बोल दिया और कीवी गेंदबाजों का हाल बेहाल कर दिया। 9.5 ओवर में भारत ने 150 रन के आंकड़े को पर किया। इसके बाद सूर्या ने 25 गेंद में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर सूर्या ने टीम को 8 विकेट से 60 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। अभिषेक और सूर्या ने तीसरे विकेट के लिए 40 गेंद में शतकीय साझेदारी की। न्यूजीलैंड के हाथ से इस हार के साथ ही सीरीज फिसल गई। न्यूजीलैंड के लिए एक-एक विकेट मैट हेनरी और ईश सोढी ने लिया।
बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच:
जसप्रीत बुमराह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बुमराह ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए।