who won yesterday IPL Match, 17 April, 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) GT vs KKR kal ka IPL Match kaun jeeta: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 7 विकेट के अंतर से मात देकर सीजन में तीसरी जीत दर्ज की। वहीं कोलकाता को छठे मैच में पांचवीं बार हार का मुंह देखना पड़ा। गुजरात के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 180 रन बनाकर ढेर हो गई। कैमरन ग्रीन ने कोलकाता के लिए सबसे बड़ी 79(55) रन की पारी खेली। वहीं पॉवेल ने 27(20) रन बनाए। इसके बाद जीत के लिए मिले 181 रन के लक्ष्य को गुजरात ने शुभमन गिल की 86(5) रन की कप्तानी पारी की बदौलत 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। वहीं जोस बटलर ने 25 और साई सुदर्शन ने 22 रन की पारी खेली। कोलकाता के गेंदबाज गुजरात के खिलाफ कोई कमाल नहीं दिखा सके। केकेआर के लिए दो-दो विकेट वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने लिए। एक सफलता सुनील नरेन को मिली। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
कोलकाता ने जीता टॉस:
कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गुजरात के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
खराब रही कोलकाता की शुरुआत,32 रन पर गंवाए 3 विकेट
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर के लिए पारी की शुरुआत करने अजिंक्य रहाणे और टिम सीफर्ट की जोड़ी उतरी। पारी के पहले ही ओवर की चौथी में मोहम्मद सिराज ने रहाणे को बगैर खाता खोले पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अंगकृष रघुवंशी भी दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर रबाडा की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। वो 8 रन बना सके। टीम को तीसरा झटका चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर टिम सीफर्ट 19(14) रन बनाकर रबाडा की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स के हाथों लपके गए।
ग्रीन और पॉवेल ने अर्धशतकीय साझेदारी कर संभाली पारी
4 ओवर में 32 रन पर तीन विकेट गंवाकर कोलकाता की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में अबतक नाकाम रहे कंगारू ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने रोवमैन पॉवेल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 6 ओवर में 37 रन तक पहुंचाया और विकेटों की झड़ी पल लगाम लगाई। केकेआर ने इसके बाद 7.4 ओवर में 50 रन के आंकड़े को भी पार कर लिया। ग्रीन और पॉवेल ने स्कोर को 87 रन तक पहुंचाया। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी 40 गेंद में पूरी की। दोनों की साझेदारी 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर टूट गई। पॉवेल को अशोक शर्मा ने सिराज के हाथों कैच करा दिया। पॉवेल 27(20) रन बना सके। 87 के स्कोर पर कोलकाता ने चौथा विकेट गंवाया।
कैमरन ग्रीन ने 34 गेंद में जड़ा अर्धशतक
पॉवेल के आउट होने के बाद एक छोर थामे खड़े ग्रीन को अनुकूल रॉय का साथ मिला। ऐसे में ग्रीन ने तेजी दिखाते हुए अपना सीजन का पहला अर्धशतक 34 गेंद में 4 चौके और तीन छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद ग्रीन ने अनुकूल के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 17 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में ग्रीन ने 41 और रॉय ने 8 रन का योगदान दिया। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अनुकूल रॉय को प्रसिद्ध कृष्णा ने बटलर के हाथों कैच करा दिया। 147 के स्कोर पर केकेआर ने पांचवां विकेट गंवाया।
रिंकू सिंह फिर रहे नाकाम
अनुकूल के आउट होने के बाद ग्रीन का साथ देने रिंकू सिंह आए लेकिन 16वें ओवर की पहली ही गेंद पर रिंकू को रबाडा ने बटलर के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। रिंकू 1(2) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रमनदीप सिंह ने ग्रीन का साथ दिया। दोनों टीम को 165 रन तक ले गए। ऐसे में रमनदीप को अशोक शर्मा ने सिराज के हाथों कैच करा दिया।
कोलकाता की टीम 180 रन पर हुई ढेर
रमनदीप के आउट होने के बाद लगातार विकेटों की झड़ी लगी रही एक छोर पर ग्रीन डटे रहे। इस दौरान सुनील नरेन 0, कार्तिक त्यागी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अंतिम गेंद पर कैमरन ग्रीन को राशिद खान ने बटलर के हाथों कैच करा दिया। ग्रीन 79(55) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के जड़े। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट कगिसो रबाडा ने लिए। 2-2 विकेट सिराज और अशोक शर्मा के खाते में गए। एक-एक विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान को मिला।
शुभमन और सुदर्शन ने दिलाई गुजरात को तेज शुरुआत
जीत के लिए 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतर गुजरात टाइटन्स के लिए पारी की शुरुआत करने साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी उतरी। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को 4.2 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। 5 ओवर में दोनों टीम को 57 रन तक ले गए लेकिन छठे ओवर की पहली गेंद पर सुदर्शन को सुनील नरेन ने कार्तिक त्यागी के हाथों कैच कराकर गुजरात को पहला झटका दिया। सुदर्शन 22(16) रन बना सके।
बटलर नहीं खेल पाए बड़ा पारी
सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान कप्तान गिल का साथ देने जोस बटलर आए। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 9 ओवर में 95 रन तक ले गए। लेकिन दसवें ओवर की पहली गेंद पर बटलर को वरुण चक्रवर्ती ने कैमरन ग्रीन के हाथों कैच कराकर अपने 100 विकेट आईपीएल में पूरे किए। बटलर 25(15) रन बना सके। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के अपनी पारी में जड़े।
गिल और सुंदर ने पहुंचाया 100 के पार
बटलर के आउट होने के बाद एक छोर कप्तान गिल संभाले रहे और उन्होंने अपना सीजन में लगातार तीसरा अर्धशतक 27 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद गुजरात ने 10.1 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दूसरे छोर पर गिल का साथ वॉशिंगटन सुंदर दे रहे थे। दोनों टीम को 141 रन तक ले गए लेकिन ये साझेदारी 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर टूट गई। सुंदर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कार्तिक त्यागी के हाथों लपके गए। उन्होंने 13(13) रन बनाए।
गुजरात ने 5 विकेट से दर्ज की जीत
सुंदर के आउट होने के बाद गिल को ग्लेन फिलिप्स का साथ मिला। दोनों ने 16.3 ओवर गुजरात को 150 रन के पार पहुंचा दिया। शतक की ओर बढ़ रहे गिल 158 के स्कोर पर 86 (50)रन बनाकर वैभव अरोड़ा की गेंद पर कैमरन ग्रीन के हाथों शानदार तरीके से लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के जड़े। अंतिम ओवर में जीत के लिए गुजरात को 5 रन बनाने थे। ऐसे में ग्लेन फिलिप्स को वैभव अरोड़ा ने कैच कराकर चलता कर दिया। अंत में शाहरुख खान के साथ मिलकर राहुल तेवतिया ने गुजरात को 19.4 ओवर में 5 विकेट से जीत दिला दी। यह गुजरात की सीजन में तीसरी और घर में पहली जीत है। इसके साथ ही गुजरात अंक तालिका में 6 अंक के साथ चौथा पायदान पर पहुंच गई है।
प्लेयर ऑफ द मैच:
50 गेंद में 86 रन की पारी खेलने वाले गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के जड़े। गिल ने 251 रन के साथ ऑरेंज कैप पर भी कब्जा कर लिया है।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
