देश

भारत-भूटान रिश्तों को मिली नई मजबूती, 4000 करोड़ की मदद समेत ऊर्जा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए दो बड़े समझौते

India Bhutan Relations: भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी की भूटान यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच दो महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इनमें ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 4,000 करोड़ रुपये का 'लाइन ऑफ क्रेडिट' समझौता और एम्स (AIIMS) व भूटान की मेडिकल यूनिवर्सिटी के बीच स्वास्थ्य शिक्षा और शोध में सहयोग का समझौता शामिल है।

Image

भारत-भूटान के बीच हेल्थ रिसर्च और पढ़ाई पर हुआ अहम करार

Photo : ANI

India Bhutan Relations: भारत और भूटान के बीच वर्षों पुरानी गहरी दोस्ती और मजबूत विकास साझेदारी को एक नया आयाम मिला है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी की भूटान यात्रा के दौरान दोनों पड़ोसी देशों के बीच दो बेहद महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें से एक समझौता ऊर्जा के क्षेत्र में आर्थिक सहायता से जुड़ा है, तो दूसरा स्वास्थ्य शिक्षा और शोध में आपसी सहयोग को लेकर है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि विदेश सचिव की यह यात्रा मुख्य रूप से दोनों देशों के बीच चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए थी। अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान विक्रम मिसरी ने भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और विदेश मंत्री से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के दौरान पहला समझौता भूटान सरकार और भारत के एक्जिम बैंक (EXIM Bank) के बीच हुआ। इसके तहत भूटान में ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए 4,000 करोड़ रुपये का रियायती 'लाइन ऑफ क्रेडिट' दिया जाएगा। वहीं दूसरा समझौता अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली और भूटान की 'खेसर ग्यालपो यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज' के बीच हुआ। इस एमओयू से दोनों देशों के बीच डॉक्टरों, शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकों को साझा करने का रास्ता साफ होगा।

इसके अलावा, भारत ने भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना (2024-29) के तहत 332 करोड़ रुपये मूल्य की 12 नई परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं का सीधा फायदा भूटान की बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, शहरी सुविधाओं और आपदा प्रबंधन जैसे अहम क्षेत्रों को मिलेगा।

भारत ने भूटान के समग्र विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये की सहायता का जो संकल्प लिया है, यह कदम उसी का एक हिस्सा है। भारत और भूटान का यह सहयोग दिखाता है कि दोनों देश आपसी विश्वास और सद्भावना के साथ एक-दूसरे की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!