क्रिकेट

SL vs PAK, एशिया कप 2025 श्रीलंका बनाम पाकिस्तान मैच में पाकिस्तान ने दी श्रीलंका को मात,देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर एशिया कप फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 134 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

Image

कल का मैच कौन जीता (साभार-ACC)

पाकिस्तान ने हुसैन तलत और मोहम्मद नवाज की पारी के दम पर श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान के सामने 134 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 5 विकेट खोकर 2 ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो रहे हुसैन तलत जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से धमाल मचाया। 2 विकेट चटकाने वाले हुसैन ने 30 गेंद में 32 रन की पारी खेली। उन्होंने मोहम्मद नवाज के साथ 7वें विकेट के लिए नाबाद 58 रन की साझेदारी की। मोहम्मद नवाज ने 24 गेंद में 38 रन की पारी खेली। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए थे श्रीलंका की ओर से कामिंदू मेंडिस ने सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली थी। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 3 जबकि हारिस रऊफ और हुसैन तलत ने 2-2 विकेट चटकाए। आइए जानते हैं इस मैच में कैसा रहा पल-पल का हाल।

पाकिस्तान ने जीता टॉस

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ उतरी थी, जबकि पाकिस्तान ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था।

श्रीलंका की खराब शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरी ही गेंद पर उसने इनफॉर्म बल्लेबाज कुसल मेंडिस का विकेट गंवा दिया। वह गोल्डन डक पर शाहीन शाह अफरीदी का शिकार बने। श्रीलंका को तीसरे ही ओवर में शाहीन ने एक और झटका दिया और पथुम निसांका को 8 रन के निजी स्कोर पर चलता किया।

पावरप्ले में श्रीलंका का स्कोर-53/3

श्रीलंका ने 18 रन के स्कोर पर भले ही अपने दो विकेट खो दिए थे, लेकिन उसके बाद कुसल परेरा और कप्तान चरिथ असलांका ने तीसरे विकेट के लिए तेजी से 25 रन जोड़े और पावरप्ले का नुकसान होने नहीं दिया। परेरा 15 रन बनाकर हारिस रऊफ का शिकार बने। इस तरह श्रीलंका ने पावरप्ले में 3 विकेट के नुकसान पर 53 रन बनाए।

हुसैन तलत ने झटके 2 गेंद में 2 विकेट

श्रीलंका पहले से ही मुश्किल में थी, लेकिन हुसैन तलत ने 8वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर विकेट लेकर श्रीलंका मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने पहले कप्तान चरिथ असलांका को 20 रन के निजी स्कोर पर और फिर पिछले मैच के सबसे सफल बल्लेबाज दसुन शनाका को गोल्डन डक पर पवेलियन भेज दिया।

अबरार ने लगाया रनों पर अंकुश

पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज ने 4 ओवर में केवल 8 रन खर्च किए और वानिंदु हसरंगा का महत्वपूर्ण विकेट लिया। इस दौरान श्रीलंकाई बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरसते दिखे। 6 ओवर में 53 रन बनाने वाली श्रीलंका टीम अगले 9 ओवर में केवल 35 रन ही जोड़ पाई और 3 विकेट खो दिया। श्रीलंका की टीम पाकिस्तानी गेंदबाजों के जाल में पूरी तरह से फंस चुकी थी और ऐसा लग रहा था कि टीम मुश्किल से ही 110-115 रन तक पहुंच पाएगी।

कामिंदू मेंडिस का पचासा

80 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवाकर श्रीलंका की टीम मुश्किल में थी, लेकिन कामिंदू मेंडिस ने अर्धशतक लगाकर श्रीलंका की नैय्या को कुछ हद तक पार लगाने की कोशिश की। उन्होंने 43 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। उन्होंने चमिका करुणारत्ने के साथ 7वें विकेट के लिए 43(39) रन जोड़े और श्रीलंका के स्कोर को 18.4 ओवर में 123 रन तक पहुंचा दिया।

श्रीलंका ने दिया 134 रन का लक्ष्य

कामिंदू मेंडिस के 50 और चरिथ असलांका के 20 रन की पारी और करुणारत्ने के साथ उनकी 43 रन की साझेदारी के दम श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए।

पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत

134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी रही। साहिबजादा फरहान और और फखर जमां ने पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। उन्होंने 33 गेंद में ये रन जोड़े।

तीक्ष्णा ने करा दी वापसी

छठे ओवर में महीष तीक्ष्णा ने दो गेंद में दो विकेट लेकर श्रीलंका की वापसी करा दी। तीक्ष्णा ने पहले साहिबजादा फरहान को 24 और फिर फखर जमां को 17 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। तीक्ष्णा पहली बार एशिया कप 2025 में श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे।

12 रन के भीतर गंवाए 4 विकेट

तीक्ष्णा के बाद वानिंदू हसरंगा ने भी खराब फॉर्म में चल रहे सैम अयूब को 2 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। पाकिस्तान के स्कोर में 7 रन ही जुड़े थे कि कप्तान सलमान अली आगा भी हसरंगा की गेंद पर आउट हो गए। पाकिस्तान ने 12 रन के भीतर 4 विकेट खो दिया और श्रीलंका ने मैच में वापसी कर ली।

हुसैन तलत ने पलटा मैच

हुसनै तलत ने पहले गेंदबाजी से और फिर बल्लेबाजी से पाकिस्तान के लिए मैच पलट दिया। उन्होंने पहले मोहम्मद हारिस के साथ 5वें विकेट के लिए 23 रन जोड़े और फिर छठे विकेट के लिए मोहम्मद नवाज के साथ उन्होंने 58 रन की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को दो ओवर पहले जीत दिला दी। हुसैन 32 और नवाज 38 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने एशिया कप के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है, जबकि श्रीलंका का सफर लगातार दो हार के साथ खत्म हो चुका है। हुसैन तलत को ऑल राउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article