who won yesterday Match, 28 March 2026 (कल का मैच कौन जीता) RCB vs SRH kal ka Match kon jita: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स की सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट के अंतर से धमाकेदार जीत के साथ हुआ। मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन की 80 रन की आतिशी कप्तानी पारी की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। ईशान के अलावा अनिकेत वर्मा ने 43 और हेनरिक क्लासेन ने 31 रन की पारी खेली। आरसीबी के लिए आईपीएल डेब्यू करने वाले कीवी गेंदबाज जैकब डफी ने शुरुआत में ही तीन विकेट चटकाकर हैदराबाद को मुश्किल में डाल दिया था। उन्होंने और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट आरसीबी के लिए चटकाए।
जीत के लिए 202 रन के लक्ष्य की पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में फिल साल्ट का विकेट गंवा दिया। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके टीम की जीत की नींव तैयार कर दी। पडिक्कल ने 26 गेंद में 61 रन की आतिशी पारी खेली। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 31(12) रन धुआंधार अंदाज में बनाए। डेविड पेन ने एक ओवर में पाटीदार और जीतेश शर्मा को आउट करके आरसीबी को थोड़ी देर के लिए मुश्किल में डाला लेकिन पिच पर पैर जमाए खड़े विराट कोहली ने 38 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी खेलकर आरसीबी को 15.4 ओवर में टिम डेविड के साथ मिलकर 6 विकेट से जीत दिला दी। डेविड ने 18(10) रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास में 200 रन का सबसे तेज चेज का नया रिकॉर्ड है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने जीता टॉस:
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने की खराब शुरुआत:
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। हैदराबाद की ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की आतिशी सलामी जोड़ी नाकाम रही। दोनों की अपना डेब्यू मैच खेल रहे जैकब डफी के आगे एक ना चली। अभिषेक 7(8) और ट्रेविस हेड 11(9) रन बनाकर डफी की गेंद पर लपके गए। इसके बाद डफी ने नीतीश रेड्डी को भी कैच करा दिया। वो एक रन बना सके। 4.2 ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे और बैकफुट पर नजर आने लगी। तीनों विकेट जैकब डफी ने अपनी झोली में डाले।
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने संभाला
जल्दी जल्दी तीन विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में दिख रही सनराइजर्स हैदराबाद की पारी को ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की जोड़ी ने संभाला। दोनों ने इसके बाद और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और पॉवरप्ले के अंत तक टीम को 49 रन तक पहुंचा दिया। ईशान किशन विश्व कप वाले फॉर्म को बरकरार रखने में सफल रहे। दूसरे छोर से उनका साथ क्लासेन ने अच्छी तरह दिया। हैदराबाद ने 6.1 ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार किया। दोनों खिलाड़ियों टीम को 9 ओवर में 79/3 रन तक ले गए। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी 28 गेंद में पूरी हुई। इसमें ईशान ने 32 और क्लासेन ने 18 रन का योगदान दिया।
ईशान ने जड़ा कप्तानी अर्धशतक
ईशान किशन ने पहली बार कप्तानी संभालते हुए अपना कप्तानी अर्धशतक 27 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। ईशान और क्लासेन हैदराबाद को 13 ओवर में 126 रन तक ले गए। दोनों के बीच 97 रन की साझेदारी को 14वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर फिल साल्ट ने शानदार कैच लेकर तोड़ दिया। क्लासेन 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। क्लासेन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने डेब्यूटेंट सलिल अरोड़ा आए। उन्होंने मैदान पर उतरते ही तीसरी गेंद पर एक शानदार छक्का जड़ा लेकिन उनकी पारी भी जल्दी खत्म हो गई। अरोड़ा 9 रन बनाकर सुयश शर्मा की गेंद पर कैच दे बैठे।
ईशान और अनिकेत ने पहुंचाया 150 के पार, शतक से चूके कप्तान
अरोड़ा के आउट होने के बाद एक छोर पर खड़े ईशान किशन को अनिकेत वर्मा का साथ मिला। ईशान और अनिकेत ने पारी को आगे बढ़ाया। 15.5 ओवर में दोनों ने हैदराबाद को 150 रन के पार पहुंचा दिया लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ईशान अभिनदंन का शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 80(38) रन की पारी में 8 चौके और 5 छक्के जड़े। 155 के स्कोर पर हैदराबाद ने छठा और सबसे अहम विकेट गंवाया।
अनिकेत ने दिखाया आखिरी ओवरों में दम
ईशान के आउट होने के बाद एक छोर अनिकेत वर्मा ने संभाला और उस छोर से हल्ला बोलते रहे। दूसरे छोर से उन्हें हर्ष दुबे, हर्षल पटेल और डेविड पेन का साथ मिला। अनिकेत ने अपनी कोशिश से हैदराबाद को 200 रन के करीब पहुंचाया और वो 43(18) रन बनाकर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए तब स्कोर 192 रन हो चुका था। अंतिम ओवर में डेविड पेन और जयदेव उनादकट ने 9 रन जोड़े और टीम को 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन तक पहुंचा दिया। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने लिए। एक-एक सफलता भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और अभिनंदन सिंह को मिली।
खराब रही आरसीबी की शुरुआत
जीत के लिए 202 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत करने विराट कोहली और फिल साल्ट की जोड़ी उतरी। लेकिन दोनों की साझेदारी दूसरे ओवर की पहली गेंद पर टूट गई। फिल साल्ट को जयदेव उनादकट ने अपनी पहली ही गेंद पर स्लिप में हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। साल्ट 8 रन बना सके। आरसीबी को पहला झटका 9 के स्कोर पर लगा।
देवदत्त ने जड़ा आतिशी पचासा, विराट के साथ पहुंचाया 100 के पार
साल्ट के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट देवदत्त पडिक्कल आए। पडिक्कल ने मैदान पर उतरते ही बड़े शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। ऐसे में विराट एंकर की भूमिका में आ गए। दोनों ने तेजी से टीम को पचास रन के पार 4 ओवर में पहुंचा दिया। आरसीबी ने पॉवरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए थे। हैदराबाद के गेंदबाज विराट और पडिक्कल की बल्लेबाजी के दौरान असहाय नजर आ रहे थे। पडिक्कल ने अपना अर्धशतक 21 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने मिलकर टीम को 8.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया और दूसरे विकेट के लिए 44 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। इस साझेदारी में पडिक्कल ने 61 और विराट ने 30 रन का योगदान दिया। नौवें ओवर की चौथी गेंद पर पडिक्कल 61(26) रन बनाकर आउट हो गए और 110 के स्कोर पर आरसीबी को दूसरा झटका लगा।
पाटीदार ने खेली 12 गेंद में 31 रन की आतिशी पारी
पडिक्कल के आउट होने के बाद विराट कोहली का साथ देने कप्तान रजत पाटीदार आए। पाटीदार ने आते ही बड़े शॉट खेलने शुरू कर दिया। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए तेजी से अर्धशतकीय साझेदारी 19 गेंद में पूरी कर ली और आरसीबी को 150 रन के पार पहुंचा दिया। 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर पाटीदार 31(12) रन बनाकर कैच दे बैठे। 163 रन पर आरसीबी को तीसरा झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जितेश शर्मा भी पहली ही गेंद पर कैच दे बैठे। डेविड पेन ने दोनों का लगातार गेंदों पर शिकार किया।
विराट ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी
163 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद विराट कोहली ने एक छोर पकड़ लिया और दूसरे छोर से साथ देने के लिए टिम डेवि़ड आए। दोनों ने इसके बाद और कोई गलती नहीं की। विराट ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में 2 चौके और चार छक्के की मदद से पूरा किया। विराट कोहली ने 15वें ओवर की पहली चार गेंद पर हर्षल पटेल के खिलाफ एक छक्का और तीन चौके जड़कर मैच आनन-फानन में खत्म कर दिया। आरसीबी ने 6 विकेट के अंतर से जीत के साथ 19वें सीजन की शुरुआत की। विराट कोहली 38 गेंद में 69 और टिम डेविड 10 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के जड़े। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट डेविड पेन ने लिए। वहीं एक-एक सफलता जयदेव उनादकट और हर्ष दुबे को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
आईपीएल डेब्यू में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज जैकब डफी को प्लेयर ऑफ द मैच उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए चुना गया।
