Mumbai Indians captaincy options: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मुंबई इंडियंस की टीम का प्रदर्शन अभी तक काफी निराशाजनक रहा है। पांच बार की चैंपियन टीम अपने शुरुआत के तीनों मैच हार गई है। मुंबई इंडियंस इस साल नए कप्तान के साथ टूर्नामेंट में उतरी थी। टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा की जगह गुजरात टाइटंस से ट्रेड किए गए हार्दिक पांड्या को कमान सौंपी थी। मैनेजमेंट की सोच थी कि हार्दिक युवा हैं और टीम में नई ऊर्जा लेकर आएंगे। हार्दिक का गुजरात टाइटंस के कप्तान के रुप में रिकॉर्ड भी अच्छा था। हालांकि अभी तक ये दांव फेल होता नजर आ रहा है।
हार्दिक पांड्या को अचानक कप्तान बनाए जाने से मुंबई इंडियंस के फैंस भी खुश नहीं थे। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से ही हार्दिक को फैंस का आक्रोश झेलना पड़ा। ऐसे में मुंबई इंडिंयस की लगातार हार ने इन फैंस को और नाराज कर दिया है। सोशल मीडिया पर हार्दिक को कप्तानी से हटाने की मांग की जा रही है। अगर हार्दिक फेल हो जाते हैं और इस प्रेशर को ठीक से हैंडल नहीं कर पाते हैं, तो वे कप्तानी छोड़ने का कदम उठा सकते हैं। टीम मैनेजमेंट भी हार्दिक को कप्तानी से हटा सकता है। ऐसे में उनकी जगह मुंबई इंडियंस का कप्तान कौन होगा इसे लेकर अभी से चर्चाएं शुरू हो गई है। ऐसे में हम आपको कुछ दावेदार बता रहे हैं जो कि इस विजेता टीम की कमान संभाल सकते हैं।
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तान हैं। वे इस फ्रेंचाइज को 5 बार आईपीएल का खिताब जीता चुके हैं। रोहित शर्मा को आईपीएल 2024 से ठीक पहले कप्तानी से हटाकर हार्दिक को कमान सौंपी गई। ऐसे में अगर हार्दिक फेल होते हैं तो मैनेजमेंट एक बार फिर से रोहित की ओर रुख कर सकता है हालांकि रोहित शायद ही दोबारा टीम की कमान संभाले।
जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह रोहित शर्मा के बाद मुंबई इंडियंस के सबसे पुराने खिलाड़ी हैं। बुमराह आईपीएल 2024 में टीम के उप-कप्तान भी हैं। बुमराह शानदार गेंदबाज तो है ही साथ ही उनके पास कप्तानी का भी अनुभव है। ऐसे में अगर हार्दिक पांड्या कप्तानी छोड़ते हैं या मैनेजमेंट कप्तान बदलने की सोचता है तो बुमराह उनकी पहली पसंद हो सकते हैं।
तिलक वर्मा
तिलक वर्मा युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी को इंप्रेस किया है। तिलक आज मुंबई इंडियंस की बैटिंग लाइनअप में खास भूमिका निभाते हैं। एमआई का मैनेजमेंट अगर चेन्नई सुपर किंग्स की ही तरह एक युवा प्लेयर को कप्तानी सौंपकर उसे ट्रेन करना चाहेगा तो तिलक पर दांव खेला जा सकता है।
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव टी20 की अनुभवी खिलाड़ी हैं। वे हर तरफ शॉट मारने की काबिलियत रखते हैं। सूर्या फिलहाल एनसीए से क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक मुंबई इंडियंस के लिए इस साल एक भी मैच नहीं खेला है। सूर्या पिछले साल भी टीम की कमान संभाल चुके हैं। ऐसे में अगर वे फिट हो जाते हैं तो मुंबई इंडियंस उन्हें भी कप्तान बनाने का सोच सकती है।
