क्रिकेट

कौन हैं जेसन रोल्स? SA20 सीजन 5 ऑक्शन के बने सबसे महंगे खिलाड़ी; JSK ने 18 साल के खिलाड़ी को खरीदा

जोहान्सबर्ग में हुए मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी जेसन रोल्स बनकर उभरे। इस 18 साल के युवा खिलाड़ी को जोबर्ग सुपर किंग्स की टीम ने 1.68 करोड़ रुपये में खरीदा। सीजन के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस रहे। कीरोन पोलार्ड को भी सुपर किंग्स ने खरीदा।

Image

जेसन रोल्स बने SA20 सीजन-5 ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी। फोटो- ICC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका टी20 लीग (SA20) के आगामी सीजन-5 के लिए मिनी ऑक्शन पूरा हो चुका है। ऑक्शन में अनुभवी इंटरनेशनल खिलाड़ियों और शानदार युवा टैलेंट का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिला। बुधवार शाम जोहान्सबर्ग में चार फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों को अंतिम रूप दिया। ऑक्शन में सबसे चर्चित खिलाड़ियों में पूर्व प्रोटियाज कप्तान फाफ डु प्लेसिस और कीरोन पोलार्ड का नाम सबसे आगे था, लेकिन 18 साल के युवा खिलाड़ी ने ऑक्शन की महफिल लूट ली। वह सीजन-5 के ऑक्शन का सबसे महंगा खिलाड़ी बनकर उभरा।

जोहान्सबर्ग में हुए मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी जेसन रोल्स बनकर उभरे। इस 18 साल के युवा खिलाड़ी को जोबर्ग सुपर किंग्स की टीम ने 1.68 करोड़ रुपये में खरीदा। सीजन के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस रहे। डु प्लेसिस को भी जोबर्ग सुपर किंग्स (JSK) की टीम ने ही 1.57 करोड़ रुपये में खरीदा। JSK ने वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को भी अपने साथ जोड़ा। पोलार्ड को सुपर किंग्स ने 87 लाख रुपये में खरीदा।

कौन हैं जेसन रोल्स

जेसन रोल्स महज 18 साल (18 साल और 176 दिन) के हैं। उनका जन्म 14 अप्रैल साल 2008 में जोहानसबर्ग में हुआ। रोल्स बाएं हाथ से बल्लेबाजी और स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजी करते हैं। रोल्स टीम में बतौर ऑलराउंडर हिस्सा लेते हैं।

बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले रॉल्स साउथ अफ़्रीकी क्रिकेट में जबरदस्त क्षमता वाले उभरते हुए स्टार हैं। इस साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी वही थे। उन्होंने पांच पारियों में 70 के शानदार औसत और 112 के स्ट्राइक रेट से कुल 280 रन बनाए थे।

इंग्लैंड के खिलाफ जड़ चुके हैं दोहरा शतक

हाल ही में जुलाई में होव में खेले गए एक यूथ टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने दोहरा शतक भी लगाया। जेसन रोल्स के घरेलू क्रिकेट की बात करें तो ईएसपीएन क्रिकइनफो के अनुसार, रोल्स ने कुल पांच लिस्ट 'ए' और एक टी20 मुकाबला खेला है। उनके बल्ले से लिस्ट 'ए' की पांच पारियों में 21.80 की औसत से 109 और टी20 की एक पारी में 45 रन निकले हैं। वहीं, गेंदबाजी करते हुए लिस्ट 'ए' की चार पारियों में 47.33 की औसत से तीन और टी20 की एक पारी में 19.00 की औसत से एक सफलता प्राप्त की है।

स्मिथ ने जताई खुशी

SA20 लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने एक बयान में कहा, 'मेरे लिए आज का सबसे खास पल जेसन रोल्स का था। एक 18 साल के खिलाड़ी के लिए दिन की सबसे बड़ी बोली की जंग होना यह दिखाता है कि फ्रेंचाइजी नई पीढ़ी पर कितना भरोसा करती हैं। आज वह दुनिया के कुछ बेहतरीन T20 स्टार्स वाली टीम का हिस्सा बनेंगे। हमने यही रास्ता बनाने की कोशिश की थी और इसे कामयाब होते देखना बहुत उत्साहजनक है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article