क्रिकेट

जय शाह की विदाई के बाद कौन बनेगा बीसीसीआई का नया सचिव जी, ये नाम है रेस में आगे

जय शाह आईसीसी के अगले चेयरमैन बन सकते हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि अगर ऐसा हुआ तो बीसीसीआई का अगला सचिव कौन होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त है।

Image

जय शाह (साभार-X)

आंकड़े जय शाह को अगले आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) चेयरमैन के रूप में चुनने के पक्ष में होंगे लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह विश्व संचालन संस्था में शामिल होने का फैसला करेंगे या नहीं और इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव के रूप में उनकी जगह कौन लेगा। माना जा रहा है कि शाह को आईसीसी बोर्ड के 16 में से 15 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है लेकिन वह इस पद पर आना चाहते हैं या नहीं, इसे तय करने के लिए उनके पास 96 घंटे से भी कम समय है। वहीं उनके पास बीसीसीआई सचिव के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल में अभी एक साल बाकी है।

नया आईसीसी चेयरमैन एक दिसंबर को कार्यभार संभालेगा और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त है। सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड में वापसी के लिए अनिवार्य तीन साल का ‘कूलिंग ऑफ पीरियड’ शाह के लिए अक्टूबर 2025 में अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद शुरू होगा। लेकिन इस बात पर बड़ा सवालिया निशान है कि बीसीसीआई में शाह की जगह कौन लेगा क्योंकि उन्होंने और उनके करीबी लोगों ने अभी तक तत्काल योजनाओं का खुलासा नहीं किया है।

ये नाम सबसे आगे..

राजीव शुक्ला : ऐसी संभावना है कि बीसीसीआई पदों में फेरबदल करे और मौजूदा उपाध्यक्ष और राज्यसभा में कांग्रेस के सांसद शुक्ला को एक साल के लिए यह काम करने के लिए कहे। शुक्ला को निश्चित रूप से सचिव बनने में कोई आपत्ति नहीं होगी।

आशीष शेलार : महाराष्ट्र भाजपा के दिग्गज शेलार बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष हैं और मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) प्रशासन में बड़ा नाम हैं। शेलार हालांकि एक कुशल राजनीतिज्ञ हैं और बीसीसीआई सचिव पद के लिए उन्हें अपना समय देना होगा। पर वह भी इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं।

अरुण धूमल: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चेयरमैन के पास बोर्ड चलाने के लिए अनुभव है। वह कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और लुभावनी क्रिकेट लीग के प्रमुख हैं।

संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया : वह हालांकि लोकप्रिय नाम नहीं हैं, लेकिन मौजूदा बीसीसीआई प्रशासन में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं जिन्हें भी पदोन्नत किया जा सकता है।

युवा प्रशासकों में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) अध्यक्ष रोहन जेटली या बंगाल क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष अविषेक डालमिया के नाम पर चर्चा हो सकती है।

अन्य युवा राज्य इकाई के अधिकारियों में पंजाब के दिलशेर खन्ना, गोवा के विपुल फड़के और छत्तीसगढ़ के प्रभतेज भाटिया शामिल हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article