क्रिकेट

IND vs WI: टी20 मुकाबले से पहले वेस्टइंडीज के स्पिनर ने भारतीय टीम को दिया खुला चैलेंज

IND vs WI: भारत के खिलाफ पांच टी20 सीरीज के पहले मैच से पहले वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन ने कहा कि भारतीय टीम बहुत खतरनाक है, लेकिन उनकी टीम भी पीछे हटने वाली नहीं है।

Image

अकील हुसैन (फोटो साभार- @windiescricket)

IND vs WI: वनडे सीरीज 2-1 से गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम अब टी20 में पलटवार को तैयार है। मंगलवार से भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है और उससे पहले विंडीज के स्पिनर अकील हुसैन ने टीम इंडिया को खुला चैलेंज दे दिया है। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अकील हुसैन ने कहा कि भारतीय टीम बहुत खतरनाक है, लेकिन उनकी टीम भी पीछे हटने वाली नहीं है। हुसैन ने कहा, "वे जानते हैं कि हम किस तरह का क्रिकेट खेलते हैं। हम जानते हैं कि वे एक खतरनाक टीम हैं, लेकिन हम भी पीछे नहीं हटने वाले हैं। दोनों टीमें इस चुनौती का इंतजार कर रही हैं। ये सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सबसे अच्छी योजना बनाता है और कौन उसे सबसे अच्छी तरह लागू करता है। हम उन चीजों पर फोकस करेंगे जिन्हें हम कंट्रोल कर सकते हैं।"

वेस्टइंडीज के स्पिनर का बयान

बाएं हाथ के स्पिनर के लिए भारत की मजबूत बैटिंग लाइन-अप के खिलाफ बॉलिंग करना कभी आसान नहीं होता, लेकिन हुसैन ने कहा कि वो इस चुनौती से डरते नहीं, बल्कि इसका मजा लेते हैं। उन्होंने कहा, "आप गेंदबाजी करने से डरते नहीं हैं, बल्कि आप उस चुनौती का आनंद लेते हैं। हम जानते हैं कि भारत के टी20 के टॉप खिलाड़ी टॉप तीन में हैं।" हुसैन ने माना कि पावरप्ले में स्पिनर के लिए बॉलिंग करना सबसे डरावना काम है। उन्होंने कहा, "पावरप्ले में स्पिनर के तौर पर बॉलिंग करना काफी डरावना होता है। पिच पर काम करने के लिए कम जगह होती है और दो ही फील्डर बाहर होते हैं। जब बैटिंग के लिए अच्छी पिच हो और सामने वाले खिलाड़ी हाई स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हों तो और भी मुश्किल हो जाता है।"

अकील हुसैन खेलेंगे 100वां मैच

हालांकि वेस्टइंडीज के स्टार स्पिनर ने कहा कि उनके पास डेटा की कमी नहीं है। भले ही उन्होंने इन भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ ज्यादा नहीं खेला हो, लेकिन वीडियो और डेटा के जरिए उन्होंने पूरी प्लानिंग कर ली है। उन्होंने कहा कि कंडीशन के हिसाब से ढलना और प्लान को एग्जीक्यूट करना किसी भी गेंदबाज के लिए सबसे जरूरी है। मंगलवार को होने वाला पहला टी20 अकील हुसैन के करियर का 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। ऐसे में वो इसे यादगार बनाना चाहेंगे। वनडे सीरीज में भारत ने वेस्टइंडीज को 2-1 से हराया था, लेकिन टी20 में विंडीज टीम हमेशा खतरनाक मानी जाती है। भारतीय टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, तो वेस्टइंडीज के पास पावर-हिटर्स की भरमार है। पहला मैच ही बता देगा कि इस सीरीज का रुख किधर जाएगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article