स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। वेस्टइंडीज के 211 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की दूसरी पारी कैरिबियाई गेंदबाजों के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम महज 120 रन पर सिमट गई। कप्तान बाबर आजम ने 58 रन की नाबाद पारी खेली और एक छोर पर अकेले खड़े विकटों को गिरते हुए देखते रहे। वेस्टइंडीज की तरफ से जायडेन सील्स ने पांच विकेट चटकाए।
मैच में टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शाई होप (92 रन) और कावेम हॉज (84 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदलौत 311 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद अली ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद अब्बास को 3 और खुर्रम शहजाद को 2 सफलताएं मिलीं।
मसूद की शतकीय पारी बेकार
इसके जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में पूर्व कप्तान शान मसूद के बेहतरीन शतक (109 रन) और इमाम-उल-हक के 63 रनों की बदौलत 282 रन बनाए। बाबर आजम पहली पारी में मात्र 23 रन ही बना सके। वेस्टइंडीज की ओर से पहली पारी में जसटिन ग्रीव्स ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। वेस्टइंडीज ने पहली पारी के आधार पर 29 रन की बढ़त हासिल की।
अब्बास का 'पंजा' हुआ नाकाम
दूसरी पारी में गेंदबाजों ने पाकिस्तान को वापसी कराने की पूरी कोशिश की। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने 22 रन देकर 5 विकेट लेकर वेस्टइंडीज की पूरी टीम को 181 रन पर समेट दिया। वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ ने सबसे ज्यादा 38 रन और तेजनारायण चंद्रपॉल ने 35 रनों का योगदान दिया। पहली पारी की बढ़त और दूसरी पारी के स्कोर के बाद पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य था।
जायडेन सील्स के आगे झुके पाकिस्तानी बल्लेबाज
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जायडेन सील्स ने कहर बरपाते हुए 14.2 ओवर में महज 20 रन देकर 5 बल्लेबाजों का शिकार किया। केमार रोच और जसटिन ग्रीव्स ने भी 2-2 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं पार कर सके। बाबर आजम के नाबाद 58 रन और मोहम्मद अब्बास ने 23 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की पूरी टीम 40.2 ओवर में सिमट गई।
वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास
यह वेस्टइंडीज की पिछले 11 टेस्ट मैचों में सिर्फ दूसरी जीत है, जबकि पाकिस्तान की लगातार आठवीं विदेशी टेस्ट हार है। यह उनका ऐसा सबसे लंबा सिलसिला है, जो जुलाई 2023 में श्रीलंका में मिली पिछली विदेशी जीत के बाद से जारी है।
