क्रिकेट

PAK vs WI 2nd Test: पहले दिन लगी विकेटों की झड़ी, पाकिस्तान को सस्ते में ढेर करके विंडीज ने हासिल की 9 रन की बढ़त

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच मुल्तान में शनिवार को शुरू हुए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन विकेटों की झड़ी लगी रही। अंत में विंडीज की टीम पहली पारी में 9 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रही है। ऐसा रहा दिन के पहले दिन के खेल का हाल।

Image

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम

Photo : AP

मुल्तान: गुडाकेश मोती और जोमेल वारिकन के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने शनिवार को दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान के खिलाफ स्टंप तक नौ रन की बढ़त हासिल कर ली जबकि पहले दिन 20 विकेट गिरे। मोती ने 55 रन बनाए और उनके पहले टेस्ट अर्धशतक की बदौलत मेहमान टीम आठ विकेट पर 54 रन के खराब स्कोर से उबरकर 163 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ के स्पिनर मोती ने मुल्तान की एक ओर स्पिनरों के मुफीद पिच पर 49 रन देकर तीन विकेट चटकाए और घरेलू टीम को 154 रन पर समेटने में मदद की।

नोमान अली के शानदार प्रदर्शन पर फिरा पानी

मोती के हरफनमौला प्रदर्शन से पाकिस्तान नोमान अली की हैट्रिक और 41 रन देकर छह विकेट की शानदार गेंदबाजी फीकी पड़ गई। स्पिन पिच बनाने वाले पाकिस्तान के बल्लेबाज अपने ही जाल में फंस गए। वारिकन ने 43 रन देकर चार विकेट झटके, उन्होंने 11वें नंबर पर उतरकर नाबाद 36 रन की पारी भी खेली थी।

रिजवान और शकील ने पाकिस्तान को उबारा

मोहम्मद रिजवान (49) और सऊद शकील (32) ने पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान को उबारा। पर टीम 154 रन ही बना सकी। पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज की टीम स्पिन के खिलाफ तीन दिन के भीतर 137 और 123 रन पर आउट हो गई थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article