भारत के खिलाफ लगातार 9 वनडे मैच हारने के बाद आखिरकार शाई होप के नेतृत्व में वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज कर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। इस मैच में जीत के हीरो रहे कप्तान शाई होप और कीसी कार्टी ने जिन्होंने 5वें विकेट के लिए नाबाद 91 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी। होप 63 और कार्टी 48 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की बल्लेबाजी एक बार फिर से कुछ खास नहीं कर पाई और पूरी टीम 40.5 ओवर में 181 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की तरफ से सर्वाधिक 55 रन की पारी इशान किशन ने खेली। भारत ने आखिरी 9 विकेट केवल 90 रन बनाने में गंवा दिए।
शाई होप ने भरी हुंकार
जीत के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान ने खुशी जाहिर की और कहा ' मुझे खुशी होती है, जब मैं अर्धशतक बनाता हूं, जब मैं शतक बनाता हूं और जब टीम जीतती है। आपको ऐसे विकेट पर विकेट पर भारत जैसे क्वालिटी बॉलिंग अटैक के खिलाफ तेजी से रन बनाने के तरीके ढूंढने होंगे।
जीत से संतुष्ठ हूं, सीरीज जीतने के लिए अगला गेम भी जीतना होगा। हम फिर से कड़ी मेहनत करने वाले हैं। हम रवैये के बारे में बोलते रहते हैं और आज हमने वह दिखाया। हमें इसे बल्ले और गेंद के साथ दोहराने की जरूरत है। पिच चुनौतीपूर्ण था, लेकिन बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हम जीत की ओर बढ़ना चाहते हैं और अगर हम सभी मानदंडों पर खरा उतरें तो मुझे पूरा यकीन है कि हम यह हासिल कर सकते हैं। 3 मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 1 अगस्त को खेला जाएगा। यह मुकाबला ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम त्रिनिदाद में खेला जाएगा।
