क्रिकेट

IND vs WI: कुलदीप और जडेजा की फिरकी के आगे वेस्टइंडीज ने टेके घुटने, टूटा 26 साल पुराना रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 27, 2023, 09:38 PM IST

वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में घरेलू सरजमीं पर बल्लेबाजी का 26 साल पुराना सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड तोड़ दिया। बारबाडोस में खेले गए पहले वनडे में कैरेबियाई बल्लेबाज कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा की फिरकी में फंस गए।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला वनडे

Photo : AP

बारबाडोस: भारत और वेस्टइंडीज के बीच बारबाडोस में गुरुवार को शुरू हुई वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम का हाल बेहाल हो गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम का हाल भारतीय गेंदबाजों के आगे बेहाल हो गया। पूरी टीम 23 ओवर में महज 114 रन बनाकर ढेर हो गई। कप्तान शाई होप के अलावा और कोई कैरेबियाई बल्लेबाज पिच पर पैर नहीं जमा सका। होप ने 43 रन बनाए।

फिरकी में फंसे कैरेबियाई बल्लेबाज

कैरेबियाई बल्लेबाजों को रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी पर नचा दिया। चेज गेंदबाजों ने शुरुआती तीन विकेट 45 रन के स्कोर तक चटका लिए थे। उसके बाद गेंदबाजी करने आए रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की जोड़ी ने ऐसी गेंदबाजी की कि निचले क्रम के 6 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी नहीं छू सके।

जडेजा कुलदीप ने चटकाए 7 विकेट

रवींद्र जडेजा ने 6 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं कुलदीप यादव उनसे एक कदम और आगे निकल गए। उन्होंने 3 ओवर में 6 रन देकर विकेटों का चौका जड़ दिया। कुलदीप ने 3 में से 2 ओवर मेडन डाले। उनकी फिरकी का कैरेबियाई बल्लेबाजों के पास कोई तोड़ नहीं था। कुलदीप ने कप्तान शाई होप का अहम विकेट भी चटकाया।

टूटा 26 साल पुराना रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज का 114 रन का स्कोर भारत के खिलाफ वनडे में दूसरा और घरेलू सरजमीं पर सबसे कम स्कोर है। इससे पहले विंडीज की टीम विशाखापट्टनम में भारत के खिलाफ 104 रन पर ढेर हो गई थी। वहीं साल 1997 में पोर्ट ऑफ स्पेन में 121 रन पर सिमट गई थी। वेस्टइंडीज ने इसके साथ ही घरेलू सरजमीं पर भारत के खिलाफ वनडे में शर्मनाक बल्लेबाजी का अपना 26 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article