वेस्टइंडीज ने 5 मैच की T20I सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 153 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 7 गेंद शेष रहते 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज की ओर से अकील हुसैन और अल्जारी जोसेफ मैच विनर साबित हुए, जिन्होंने 9वें विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। अकील हुसैन ने 10 गेंद में नाबाद 16 और जोसेफ ने 10 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से निकोलस पूरन ने 40 गेंद पर सर्वाधिक 67 रन की पारी खेली। इसके अलावा शिमरन हेटमायर ने 22 रन बनाए। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 3 और युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट चटकाए। इससे पहले भारत ने तिलक वर्मा के 51 और इशान किशन की 27 रन की पारी के दम पर 7 विकेट खोकर 152 रन बनाए।
भारत की पारी, तिलक का अर्धशतक
इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन एक बार फिर ओपनिंग जोड़ी अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही और 16 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। गिल 7 रन बनाकर आउट हुए। जल्द ही सूर्यकुमार 1 रन बनाकर रन आउट हो गए। तीसरे विकेट के लिए इशान और तिलक ने 42 रन जोड़े, लेकिन 60 रन के स्कोर पर इशान किशन भी 27 रन बनाकर आउट हो गए।
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को बल्लेबाजी में प्रमोट किया गया, लेकिन वह 7 रन बनाकर अकील हुसैन का शिकार बने। 76 रन पर 4 विकेट गंवा कर मुश्किल में दिख रही टीम इंडिया को हार्दिक और तिलक की जोड़ी ने 38 रन की साझेदारी कर कुछ हद तक संकट ने निकाला, लेकिन 41 गेंद में 51 रन बनाकर तिलक भी आउट हो गए। उसके बाद टीम इंडिया ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। नतीजा टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 152 रन ही बना पाई। वेस्टइंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड, अल्जारी जोसेफ और अकील हुसैन ने 2-2 विकेट चटकाए।
