क्रिकेट

IND vs AUS 1st ODI: वनडे में कप्तानी का हार के साथ आगाज करने के बाद क्या बोले शुभमन गिल?

वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के साथ कप्तानी करियर का आगाज करने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने किसके सिर पर फोड़ा पर्थ में हार का ठीकरा?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

पर्थ: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में शुरुआती तीन झटकों के बाद वापसी करना उनकी टीम के लिए आसान नहीं था लेकिन उन्होंने मैच में प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन किया। भारत ने पावरप्ले के ओवरों में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और गिल के अलावा अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली के विकेट गंवाए जिससे मेहमान टीम कभी उबर नहीं पाई और बारिश से बाधित मैच में सात विकेट से हार गई।

इस बात की है संतुष्टि

गिल ने मैच के बाद कहा,'जब आप पावरप्ले में तीन विकेट गंवाते हैं तो यह कभी भी आसान नहीं होता। आप हमेशा वापसी करने की कोशिश करते हैं। इस मैच से बहुत कुछ सीखने को मिला।' कोहली (शून्य) और शर्मा (आठ) की शानदार वापसी केवल 22 गेंद तक ही रही जिससे भारत का स्कोर नौवें ओवर में तीन विकेट पर 25 रन हो गया। लेकिन गिल ने कहा कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया को आसानी से जीत दर्ज नहीं करने दी। उन्होंने कहा,'26 ओवरों में 130 रन का बचाव करते हुए हम मैच को काफी गहराई तक ले गए इसलिए हम इससे संतुष्ट हैं।'

उन्होंने कहा कि स्टेडियमों में प्रशंसकों की भारी भीड़ टीम को सीमित ओवरों के दौरे पर प्रेरित करेगी। गिल ने कहा,'हम भाग्यशाली हैं कि हम जहां भी खेलते हैं, प्रशंसक भारी संख्या में आते हैं। उम्मीद है कि वे एडिलेड में भी हमारा उत्साहवर्धन करेंगे।' यह 2025 में भारत की वनडे में पहली हार थी जिससे उनकी लगातार आठ जीत का सिलसिला टूट गया।

घर पर जीत हासिल करना लगता है अच्छा

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने नाबाद 46 रन बनाकर अपनी टीम को 29 गेंद रहते जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि डकवर्थ लुईस नियम के तहत 131 रन के लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण था क्योंकि गेंद थोड़ी स्विंग कर रही थी। उन्होंने कहा,'आज मौसम ने अपना असर दिखाया। सभी दर्शकों का शुक्रिया जो मैदान पर रहे। जीत हासिल करना अच्छा लगता है। घर पर जीतना हमेशा अच्छा लगता है। मुझे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना बहुत पसंद है। गेंद थोड़ी स्विंग कर रही थी। हम जानते थे कि दोनों टीमों के लिए यही स्थिति होगी इसलिए लक्ष्य तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल था। मुझे हमारे युवा खिलाड़ियों पर गर्व है जो मैदान पर उतरे और हमें जीत दिलाई। '

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article