लाइफस्टाइल

बिना मैदा का घेवर कैसे बनाएं? इस आसान तरीके से घर पर बनाएं जालीदार घेवर

रक्षाबंधन पर घेवर बनाने और खाने का मजा ही अलग है। इस राखी अगर आप घर पर बढ़िया घेवर बनाना चाहते हैं, तो यहां से नोट करें सिंपल सी रेसिपी। जिसमें आप बिना मैदा स्वादिष्ट घेवर बना सकते हैं।

Image

बिना मैदा का घेवर कैसे बनाएं

Maida Free Ghevar Recipe: घेवर का नाम सुनते ही रक्षाबंधन पर मिठाई की दुकानें याद आने लगती हैं। इसकी गोल जालीदार बनावट और ऊपर से मलाई या चाशनी का स्वाद इसे बाकी मिठाइयों से थोड़ा अलग बनाता है। लेकिन बाजार वाले घेवर में मैदा इस्तेमाल होता है, लेकिन अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं, तो बिना मैदा के बना सकते हैं।

गेहूं के आटे से एक अलग अंदाज का घेवर बनाया जा सकता है। इसका स्वाद पारंपरिक घेवर से थोड़ा अलग रहेगा, लेकिन सही तरीके से घोल तैयार करने पर आपको हल्की जालीदार मिठाई मिल सकती है। घोल का पतलापन और तेल का सही तापमान सेट कर आप घर पर बढ़िया घेवर बना सकते हैं। देखें घर पर मैदा फ्री घेवर कैसे बनता है, घेवर रेसिपी इन हिंदी।

घेवर बनाने की सामग्री

घेवर बनाने के लिए आपको गेहूं का बारीक आटा, थोड़ा घी, ठंडा पानी, दूध, चीनी, नींबू का रस और तलने के लिए घी या तेल चाहिए। ऊपर से सजाने के लिए मलाई, कटे मेवे और थोड़ी इलायची रख सकते हैं। अगर आप चाशनी वाला घेवर पसंद करते हैं तो चीनी और पानी से एक हल्की चाशनी भी तैयार कर लें।

घेवर रेसिपी

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में थोड़ा घी लेकर उसे फेंटें। अब इसमें धीरे-धीरे ठंडा पानी डालते हुए मिश्रण को चलाते रहें।
  • इसके बाद गेहूं का आटा थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालें और लगातार फेंटें। इसमें दूध डालकर घोल को और चिकना करें। घोल बहुत पतला और बिना गुठली वाला होना चाहिए।
  • यही वह जगह है जहां घेवर की बनावट तय होती है। घोल मोटा रहा तो जाली बनने के बजाय मोटी परत तैयार हो सकती है।
  • अब कड़ाही में शुरू करें असली काम
  • एक गहरी और चौड़ी कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। घेवर के लिए बर्तन में पर्याप्त गहराई होना जरूरी है।
  • तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद एक कलछी पतला घोल लेकर कड़ाही के बीच से धीरे-धीरे डालें। घोल डालते समय हाथ को बहुत ऊपर न रखें और किनारों की बजाय बीच पर ध्यान दें।
  • घोल डालते ही उसमें छोटे-छोटे छेद बनने लगेंगे। कुछ क्षण रुकें और फिर दोबारा थोड़ा घोल डालें।
  • इसी तरह जरूरत के अनुसार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में घोल डालते रहें। हर बार घोल डालने के बीच कुछ सेकंड का अंतर रखें, ताकि पहले वाला हिस्सा सेट हो सके।
  • अगर बीच में छेद बंद हो जाएं तो कलछी या किसी पतली चीज की मदद से बीच में हल्की जगह बना सकते हैं। धीरे-धीरे घेवर की मोटाई बढ़ने लगेगी।
  • जब घेवर ऊपर से सुनहरा और किनारों से कुरकुरा दिखाई देने लगे, तो उसे सावधानी से बाहर निकालें। अतिरिक्त तेल निकलने दें और इसे कुछ देर ठंडा होने दें।
  • अब ऊपर से हल्की चाशनी डालें या मलाई की परत लगाएं। इसके ऊपर पिस्ता, बादाम और इलायची डालकर इसे और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।

इस रेसिपी को फॉलों कर आप घर पर स्वादिष्ट घेवर बना सकते हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article