क्रिकेट

WBBL 2022: एडिलेड स्ट्राइकर्स पहली बार बनी महिला बिग बैश लीग चैंपियन, फाइनल में दी सिडनी सिक्सर्स को शिकस्त

  • Authored by: मोहम्मद अकरम
  • Updated Nov 26, 2022, 05:54 PM IST

Adelaide Strikers vs Sydney Sixers WBBL Final Highlights: एडिलेड स्ट्राइकर्स ने महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है। एडिलेड स्ट्राइकर्स ने फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को शिकस्त दी।

Image

एडिलेड स्ट्राइकर्स की खिलाड़ी

Photo : Twitter

तहलिया मैकग्रा की अगुवाई वाली एडिलेड स्ट्राइकर्स शनिवार को महिला बिग बैश लीग 2022 चैंपियन बन गई। एडिलेड स्ट्राइकर्स ने पहली बार खिताब अपने नाम किया है। स्ट्राइकर्स ने फाइनल में एलिसे पेरी के नेतृत्व वाली सिडनी सिक्सर्स को 10 रन से हराया। स्ट्राइकर्स ने नॉर्थ सिडनी ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 5 विकेट गंवाकर 147 रन जुटाए। जवाब में सिक्सर्स की पारी निर्धारित 20 ओवर में 137 पर ढेर हो गई। सिक्सर्स के लिए सर्वाधिक रन मैटलन ब्राउन (34) ने बनाए। स्ट्राइकर्स की ओर से डार्सी ब्राउन और डियांड्रा डॉटिन ने दो-दो शिकार किए जबकि तहलिया, अमांडा-जेड वेलिंगटन, जेम्मा बार्स्बी और मेगन शुट्ट ने एक-एक विकेट चटकाया। सिक्सर्स की दो खिलाड़ी रन आउट हुईं।

सिडनी सिक्सर्स की पारी का हाल

लक्ष्य का पीछा करते हुए सिडनी सिक्सर्स ने निराशाजनक आगाज किया। ओपनर एलिसा हीली (1) तीसरे ओवर में ही अपना विकेट गंवा बैठीं। सिकसर्स को पांचवें ओवर में दो झटके लगे। सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स 10 रन बनाकर और और एशले गार्डनर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। एरिन बर्न्स (1) भी कमाल नहीं दिखा पाईं और छठे ओवर में आउट हो गईं। सिक्सर्स की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसके 4 विकेट महज 16 के कुल स्कोर पर गिर गए। यहां से निकोल बोल्टन और एलिसे पेरी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।

बोल्टन ने 14वें ओवर में अपना विकेट खोया। उन्होंने 27 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 32 रन बनाए। पेरी 15वें ओवर में आउट हुईं। उन्होंने 32 गेंदों में 32 रन जोड़े। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके मारे। मैटलन ब्राउन ने सातवें विकेट के लिए सोफी एक्लेस्टोन (15) के साथ 28 रन की साझेदारी की मगर टीम पटरी पर नहीं लौट सकी। केट पीटरसन (5) और एंजेलीना जेनफोर्ड (1) कुछ खास नहीं कर पाईं। ब्राउन सिक्सर्स की ओर से आउट होने वाली आखिरी खिलाड़ी रहीं। उन्होंने 17 गेंदों का सामना करने के बाद ताबड़तोड़ अंदाज में 34 रन जुटाए। उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के ठोके।

स्ट्राइकर्स के लिए चमकीं डॉटिन

इससे पहले, एडिलेड स्ट्राइकर्स ने अच्छी शुरुआत के दम पर सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। ओपनर लौरा वोल्वार्ड्ट (15) और केटी मैक (31) ने पहले विकेट के लिए 51 रन की पार्टनरशिप की। वोल्वार्ड्ट ने सातवें ओवर में विकेट खोया। उनके जाने के बाद मैक भी अगले ओवर में चलती बनीं। ऐसे में डॉटिन ने तहलिया के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 रन की अहम साझेदारी की। तहलिया 14वें ओवर में आउट हुईं। ब्रिजेट पैटरसन (7) 16वें और मैडलिन पेन्ना (0) 17वें ओवर में पवेलियन लौटीं। डॉटिन ने छठे विकेट के लिए टेगन मैकफर्लिन (8*) के साथ 35 रन की अटूट साझेदारी की। डॉटिन ने 37 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। डॉटिन प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। सिक्सर्स के लिए एक्लेस्टोन ने दो विकेट हासिल किए। बोल्टन, लॉरेन चीटल और केट पीटरसन ने एक-एक शिकार किया।
मोहम्मद अकरम
मोहम्मद अकरमauthor

मोहम्मद अकरम को राजनीति और खेल की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को घटनाओं और किस्सों की बारीकियों में गोता लगाना पसंद है। 6 साल से ज्यादा का पत्रकारिता में अनुभव रखने वाले अकरम को क्रिकेट में दिलचस्पी है और वह उसे नए अंदाज में पिरोते और पेश करते हैं।

और पढ़ें
End of Article