Sachin Tendulkar Rang Lords Bell: भारत और इंग्लैंड के बीच बहुप्रतीक्षित तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत गुरुवार को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में हुई। यह मुकाबला एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के अंतर्गत खेला जा रहा है। मैच की शुरुआत से पहले क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक खास क्षण तब आया, जब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ऐतिहासिक घंटी बजा कर टेस्ट का शुभारंभ किया।
पत्नी अंजली तेंदुलकर भी रहीं साथ
सचिन तेंदुलकर इस मौके पर अपनी पत्नी अंजली तेंदुलकर के साथ लॉर्ड्स पहुंचे। जैसे ही सचिन स्टेडियम में दाखिल हुए, दर्शकों ने तालियों और 'सचिन-सचिन' के नारों से उनका स्वागत किया। तेंदुलकर ने सभी को "नमस्ते" कहकर अभिनंदन स्वीकार किया और फिर लगातार पांच मिनट तक घंटी बजाई, जो लॉर्ड्स टेस्ट की खास परंपरा है।
ऋषि सुनक से हुई खास बातचीत
घंटी बजाने के बाद सचिन तेंदुलकर की मुलाकात ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से हुई। दोनों दिग्गजों के बीच कुछ देर तक गहन बातचीत देखी गई, जिसने दर्शकों और मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
घंटी बजाने की परंपरा और तेंदुलकर का ऐतिहासिक योगदान
लॉर्ड्स में टेस्ट मैच शुरू होने से पहले घंटी बजाने की परंपरा 2007 में शुरू हुई थी। इससे पहले भारत के दिग्गजों में सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ भी इस परंपरा का हिस्सा रह चुके हैं।इस ऐतिहासिक क्षण को और खास बनाते हुए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने घोषणा की थी कि जिस दिन तेंदुलकर घंटी बजाएंगे, उसी दिन उनके चित्र का भी एमसीसी संग्रहालय में अनावरण किया जाएगा।
तेंदुलकर का चित्र संग्रहालय की शोभा बना
ब्रिटिश कलाकार स्टुअर्ट पियर्सन राइट द्वारा बनाया गया सचिन तेंदुलकर का चित्र अब एमसीसी संग्रहालय का हिस्सा है। साल के अंत तक इस चित्र को लॉर्ड्स पवेलियन में स्थानांतरित किया जाएगा, जो क्रिकेट इतिहास के एक और ऐतिहासिक पड़ाव को दर्शाएगा।साल 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट इतिहास का सर्वकालिक महानतम बल्लेबाज माना जाता है। उन्होंने तीनों प्रारूपों में मिलाकर 34,357 रन बनाए और 100 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट में टीमों ने किए गेंदबाजी बदलाव
मैच की बात करें तो दोनों टीमों ने अपनी गेंदबाजी इकाई में अहम बदलाव किए हैं।इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर की चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी हुई है। उन्हें प्लेइंग इलेवन में जोश टंग की जगह शामिल किया गया है।वहीं, भारतीय टीम ने अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टीम में शामिल किया है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर रखा गया है। दोनों ही टीमों ने जीत के लिए आक्रामक गेंदबाजी रणनीति के संकेत दिए हैं।
