भारतीय टीम ने इंग्लैंड की पहली पारी 387 रन के जवाब में तीसरे दिन का पहला सेशन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहता, लेकिन लंच से ठीक पहले ऋषभ पंत ने एक भारी गलती कर दी। शानदार तरीके से बल्लेबाजी कर रहे राहुल और पंत की साझेदारी पर इंग्लैंड ने ब्रेक लगाकर वापसी कर ली। इससे पहले पंत और राहुल चौथे विकेट के लिए 141 रन जोड़ चुके थे और टीम इंडिया को अच्छी स्थिति में पहुंचा चुके थे। उनकी यह साझेदारी इसलिए भी खास थी, क्योंकि टीम इंडिया ने 107 रन के स्कोर पर ही अपने टॉप थ्री बल्लेबाजों को खो दिया था। इनफॉर्म बल्लेबाज गिल के सस्ते में आउट होने के बाद पंत बल्लेबाजी करने उतरे थे।
पंत और राहुल ने की 141 रन की साझेदारी
भारतीय टीम ने दूसरे दिन 107 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खो दिया था। उस वक्त टीम इंडिया को एक बड़ी साझेदारी की जरुरत थी। मोर्चा संभाला केएल राहुल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 141(198) रन की साझेदारी की। हालांकि, लंच से ठीक पहले पंत 112 गेंद में 74 रन की पारी खेलकर रन आउट हो गए और राहुल और पंत की अहम साझेदारी टूट गई।
वसीम जाफर ने उठाया सवाल
ऋषभ पंत के लंच से ठीक पहले रन आउट होने पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी वसीम जाफर ने सवाल खड़े किए। जाफर ने एक्स पर दोनों की साझेदारी की तारीफ की। उन्होंने लिखा 'यह बहुत शर्मनाक है कि इस साझेदारी का अंत रन आउट के रूप में हुआ लेकिन खेल के संदर्भ में यह वास्तव में महत्वपूर्ण साझेदारी थी। दर्द से जूझते हुए पंत ने धैर्य और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया।
इससे पहले इंग्लैंड ने जो रूट की शानदार शतकीय पारी के दम पर पहली पारी में 387 रन बनाए थे। यह स्कोर और भी बड़ा हो सकता था, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने फाइफर लेकर इंग्लैंड की टीम को 400 रन के भीतर रोक लिया। फिलहाल 5 मैच की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
