क्रिकेट

संकटमोचक नीतीश रेड्डी की तारीफ में दिग्गजों ने पढ़े कसीदे, रॉबिन बोले-'एक रक्षक का हुआ जन्म'

मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट के तीसरे दिन 21 वर्षीय नीतीश रेड्डी ने करियर का पहला टेस्ट शतक जड़कर टीम को मुश्किल से निकाला। ऐसे में पूर्व भारतीय दिग्गजों ने उनकी तारीफ में कसीदे पढ़े हैं।

Image

एमसीजी में टेस्ट शतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते नीतीश कुमार रेड्डी

Photo : AP

Nitish Kumar Reddy Test Century: मेलबर्न के ऐतिहासिक मैदान पर बॉक्सिंग डे-टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में मिला। 21 वर्षीय नीतीश रेड्डी ने टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका अदा करते हुए सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर अपने टेस्ट करियर का पहला और यादगार शतक जड़ा। नीतीश ने आठवें पायदान पर बल्लेबाजी शतकीय कारनामा उस वक्त किया जब महज 221 रन पर टीम ने 7 विकेट गंवा दिए थे और उसके सिर पर फॉलो-ऑन का खतरा मंडरा रहा था। ऐसे में नीतीश ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ मोर्चा संभाला और आठवें विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।

99 के फेर में फंसने से सिराज ने बचाया

भारतीय टीम ने 350 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे और उस वक्त नॉन-स्ट्राइक पर नीतीश 99 रन बनाकर नाबाद खड़े थे। ऐसा लग रहा था कि उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। स्टेडियम में मौजूद उनके पिता और भारतीय प्रशंसक उनका शतक पूरा होने की दुआ कर रहे थे। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद सिराज ने तीन गेंद पर शानदार डिफेंस करके नीतीश को करियर का पहला टेस्ट शतक पूरा करने का मौका दे दिया। 21 वर्षीय नीतीश ने इस मौके को खाली नहीं जाने दिया और शानदार चौके के साथ शतक पूरा कर लिया। नीतीश ने 171 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया।

एमसीजी में शतक जड़ना शानदार

शानदार शतक जड़ने के बाद नीतीश रेड्डी की जमकर तारीफ हो रही है। भारत के पूर्व दिग्गजों ने उन्हें पहले और यादगार टेस्ट शतक के लिए बधाई देते हुए उनकी तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट करके कहा,प्रिय नीतीश, क्या शानदार पारी खेली। जब टीम मुश्किल में फंसी थी उस वक्त ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक बनाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बनना एक शानदार अवसर था। मुझे यकीन है कि यह कई मौकों में से पहला होगा। आपकी सकारात्मक और बेखौफ बल्लेबाजी का लुत्फ उठाया। इसे जारी रखें। भगवान का आशीष आप पर हमेशा बना रहे।

धैर्य और संयम एमसीजी में देखने को मिला

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने नीतीश रेड्डी की शानदार शतकीय पारी की तारीफ करते हुए लिखा,'नितीश की यादगार पारी। उन्होंने मुझे पहले टेस्ट से ही प्रभावित किया है और उनका धैर्य और संयम पूरे टेस्ट में देखने को मिला है। आज उन्होंने इस सीरीज में एक महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपने खेल को और बेहतर किया। वाशिंगटन सुंदर ने भी उनका शानदार साथ दिया। शानदार खेला!'

करियर का है शानदार पल

वहीं मिस्टर आईपीएल के नाम से विख्यास सुरेश रैना ने नीतीश की शतकीय पारी की तारीफ करते हुए लिखा, नीतीश कुमार रेड्डी के लिए क्या शानदार पल है। मेरे भाई ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट शतक जड़ने के लिए बधाई।

एमसीजी में एक रक्षक का हुआ जन्म

टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने नीतीश को उनके पहले टेस्ट शतक की बधाई देते हुए कहा, नीतीश कुमार रेड्डी आपको पहले टेस्ट शतक जड़ने के लिए बहुत बधाई। ये विशिष्ट उपलब्धि आपके कड़े परिश्रम और समर्पण को दर्शाती है। हम आपके करियर में और सफलताओं का गवाह बनना चाहते हैं। हमें प्रोत्साहित करते रहें। भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रॉबिन सिंह ने कहा, एमसीजी में एक रक्षक का जन्म हुआ। नीतीश कुमार रेड्डी आपको बहुत बधाई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article