विराट कोहली और उनका टेस्ट रिटायरमेंट, इस मुद्दे की चर्चा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। हर कोई यही पूछ रहा है कि भला इतनी जल्दी और अचानक क्यों? ऐसा ही एक सवाल पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बेटी ने किया।
पूर्व दिग्गज भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने बताया है कि जब विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया तो वो हैरान थे, सिर्फ वो खुद नहीं बल्कि उनकी 9 साल की छोटी सी बेटी हिनाया भी हैरान हैं।
बेशक हिनाया की उम्र अभी कम है लेकिन वो अभी से क्रिकेट की दीवानी हैं और विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन हैं। उनके पिता ने देश की टीम को सालों सेवाएं दी हैं, इसका उनकी बेटी को अहसास है।
हरभजन सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया से एक बातचीत के दौरान खुलासा किया कि विराट के संन्यास लेने के बाद उनकी बेटी हिनाया ने पूछा कि पापा विराट कोहली ने रिटायरमेंट क्यों लिया।
इसके बाद हिनाया ने हरभजन सिंह से कहा कि वो विराट कोहली को मैसेज करके जवाब चाहती हैं कि आखिर उन्होंने इतनी जल्दी टेस्ट क्रिकेट को क्यों अलविदा कह दिया। हिनाया की तरफ से हरभजन सिंह ने विराट को इसी सवाल के साथ मैसेज कर दिया।
इसके बाद विराट कोहली ने जब मैसेज देखा कि हरभजन की बेटी हिनाया जानना चाहती है कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा क्यों कहा, तो इस पर विराट ने बस इतना लिखा- बेटा, अब समय आ गया है।