शहर

कब सुरक्षित होंगी दिल्ली की बेटियां? कालकाजी सामूहिक दुष्कर्म के बाद सड़कों पर उतरीं LSR की छात्राएं, देखें VIDEO

Delhi Gangrape Case: दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्राओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

Image

गैंगरेप कांड के बाद 7 दिनों में होगा 'सेफ्टी ऑडिट'

Photo : Times Now Digital

Delhi Gangrape Case: राजधानी दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क (Kalkaji Astha Kunj Park) में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक घटना ने एक बार फिर पूरी दिल्ली को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स वारदात के विरोध में और महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर लेडी श्रीराम (LSR) कॉलेज की छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर विशाल विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने दिल्ली में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

वारदात के सामने आने के बाद दिल्ली में महिलाओं और स्थानीय निवासियों के बीच सुरक्षा को लेकर काफी चिंता और गुस्सा देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए दिल्ली प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) ने दिल्ली में पार्कों की दयनीय सुरक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने शहर के सभी छोटे-बड़े पार्कों की सुरक्षा, रोशनी (लाइटिंग) और रखरखाव की व्यापक जांच करने के लिए 7 दिनों के भीतर 'सेफ्टी ऑडिट' पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

दिल्ली एलजी ने दिए अहम निर्देश

यह बड़ा फैसला उपराज्यपाल द्वारा आयोजित एक आपातकालीन उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। इस बैठक में दिल्ली पुलिस कमिश्नर, एमसीडी (MCD) कमिश्नर और डीडीए (DDA) के उपाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के जिन पार्कों में अंधेरा रहता है, झाड़ियां बढ़ी हुई हैं या जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, उन्हें तुरंत चिन्हित कर ठीक किया जाए। पुलिस को पार्कों के आसपास गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति सुधारने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी खौफनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीनों आरोपी गिरफ्तार

बता दें दिल्ली के कालकाजी मंदिर के समीप हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को हुई इस वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ को सुबह एनकाउंटर के बाद दबोचा, जिसके बाद फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों-हेमंत और मुकेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस दर्दनाक घटना ने राजधानी में महिला सुरक्षा की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article