क्रिकेट

IPL 2026: ढाई महीने में देना है 120 प्रतिशत, आईपीएल 2026 से पहले कोहली का टीममेट्स को गुरुमंत्र (वीडियो)

IPL 2026: विराट कोहली ने आईपीएल 2026 से पहले अपने टीम को मोटिवेट किया। पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली इस टीम के सामने ट्रॉफी डिफेंड करने का मौका है। आरसीबी अपने पहले दो मुकाबले होम ग्राउंड पर खेलने वाली है।

Image

विराट कोहली (साभार-IPL)

IPL 2026: 17 साल के लंबे इंतजार और कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार विराट कोहली और आरसीबी ने पिछले सीजन अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी उठाई। अब बारी है उस ट्रॉफी को डिफेंड करने की और इसके लिए आरसीबी अपना सबकुछ दांव पर लगाने के लिए तैयार है। आईपीएल 2026 में यह टीम किस इंटेशन के साथ उतरने वाली है, इसकी झलक ट्रेनिंग कैंप में मिल गई जब विराट ने पूरी टीम को मोटिवेट करने के लिए जो बातें कहीं। करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली ने शनिवार को अपने साथी खिलाड़ियों से ’स्विच आन’ करने का आग्रह किया और कहा कि आईपीएल खिताब बरकरार रखने की तैयारी में अब उन्हें अभ्यास सत्र का एक मिनट भी बर्बाद नहीं करना है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पहले अभ्यास सत्र के दौरान कोहली ने कहा कि उसी जज्बे को बरकरार रखना है जिसके दम पर उन्होंने पिछले साल खिताब जीता था।

समय बर्बाद नहीं करना हमें

कोहली ने कहा ,’’ हमने पिछले दो तीन सत्र में काफी मेहनत की है जिसके दम पर पिछले साल यह उपलब्धि हासिल कर सके। अब रास्ता और कठिन होगा क्योंकि बाकी टीमें भी पूरी चुनौती देंगी।’’ आरसीबी को 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है। कोहली ने कहा ,’’ हमें समय बर्बाद नहीं करना है। हमें आगे रहना है तो स्विच आन कर लीजिये। किसी भी सत्र का एक मिनट भी व्यर्थ नहीं करना है। हमें अगले ढाई महीने में अपना 120 प्रतिशत देना होगा।’’

इस सीजन आरसीबी ने टीम में वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, जोर्डन कॉक्स, विकी ओस्तवाल और सात्विक देसवाल को शामिल किया है । मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने कहा ,’’ नीलामी काफी रोचक थी और हमारी टीम बेहतर हुई है। हमने कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों को लिया है । विराट और रजत की अगुवाई में स्थापित खिलाड़ियों के साथ उन्हें आरसीबी का हिस्सा बनाना रोमांचक होगा।’’

उन्होंने यह भी कहा ,’’ इस साल बात अलग होगी क्योंकि अब हम खिताब जीत चुके हैं। आरसीबी के सभी प्रशंसकों के लिये यह गर्व की बात है। लेकिन अब पिछला सत्र बीत गया है और नयी चुनौती सामने है। यह काफी रोमांचक है और हम आईपीएल जीतने आये हैं।’’ विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने कहा ,’’ सभी एक दूसरे से मिलकर बहुत खुश हैं। सभी कोचों से फिर मिलकर और अभ्यास करके बहुत अच्छा लग रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article