क्रिकेट

मेरा काम आसान करने के लिए शुक्रिया, पुजारा के रिटारयमेंट पर विराट की अनोखी प्रतिक्रिया

विराट कोहली ने भी चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने वाले पुजारा को लेकर विराट ने अनोखा संदेश दिया है। उन्होंने लिखा है कि मेरा काम आसान बनाने के लिए आपका धन्यवाद।

Image

विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा (साभार-X Pujara)

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भारतीय टीम के अपने पुराने साथी चेतेश्वर पुजारा को मंगलवार को टेस्ट बल्लेबाजी क्रम में उनका काम ‘आसान’ बनाने के लिए धन्यवाद दिया। दोनों लगभग एक दशक तक मध्यक्रम में मजबूत जोड़ी रहे। 37 साल के पुजारा ने रविवार को अपने शानदार करियर को अलविदा कह दिया। उन्होंने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में अपने करियर की शुरुआत की थी।

इस साल मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘(नंबर) चार पर मेरा काम आसान करने के लिए शुक्रिया पुजारा। आपका करियर शानदार रहा है। बधाई और आगे के लिए शुभकामनाएं। भगवान आपका भला करे।’’ कोहली और पुजारा ने 83 टेस्ट पारियों में 43.37 की औसत से सात शतकीय और 18 अर्धशतकीय साझेदारियों से 3,513 रन जोड़े।

पुजारा के संन्यास पर क्रिकेट जगत ने उनकी खूब सराहना की और पूर्व साथियों तथा कोच ने उनके धैर्य, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थता की तारीफ की जिसने उनके टेस्ट करियर को परिभाषित किया। पुजारा ने 103 टेस्ट खेले और 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए। उन्होंने 19 शतक और 35 अर्धशतक जड़े।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पुजारा ने 278 मैच में 21,301 रन बनाए जिसमें 352 उनका सर्वोच्च स्कोर है। पुजारा का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में औसत 51.82 रहा है जिसमें उन्होंने 66 शतक और 81 अर्धशतक लगाए। पुजारा ने भारत के लिए आखिरी बार 2023 में लंदन के ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में खेला था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article