क्रिकेट

IND vs NZ: बस एक सेंचुरी और, पलटन से आगे निकल जाएंगे किंग कोहली

IND vs NZ: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और न्यूजीलैंड का सामना 2 मार्च को होगा। यह मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के लिए तो अहम है हीं विराट के पास भी इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। पाकिस्तान के खिलाफ सेंचुरी लगाकर विराट फॉर्म में हैं।

Image

virat Kohli Record

चैंपियंस ट्रॉफी के आखिरी लीग मुकाबले में टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीम 25 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी में भिड़ेगी। पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी भारत और न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला जीतना इसलिए अहम है क्योंकि जीत के साथ टीम अपने ग्रुप में टॉप पर फिनिश करेगी और सेमीफाइनल में उसे ग्रुब बी के दूसरे नंबर की टीम से भिड़ना होगा। यह मुकाबला 2 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस मैच में विराट के पास एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका मारकर वनडे में अपनी 51वीं सेंचुरी पूरी की थी। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में यदि वह शतकीय पारी खेल देते हैं तो एक साथ दो दिग्गजों को पीछे छोड़ देंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट के 6 शतक

न्यूजीलैंड के खिलाफ फिलहाल विराट कोहली के नाम वनडे में 6 शतक हैं। इतने ही शतक रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग के नाम है। अगर वह रविवार को दुबई में शतक लगाते हैं, तो कोहली के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 शतक हो जाएंगे और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

इतना ही नहीं इस शतक के साथ ही विराट किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर से आगे निकल जाएंगे। अगर विराट कोहली रविवार को शतक बनाते हैं, तो वह उनके करियर का 52वां वनडे शतक होगा। इस तरह वह एक फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने के सचिन तेंदुलकर के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ देंगे, जो टेस्ट क्रिकेट में उनके 51 शतक लगा चुके हैं।

विराट कोहली को चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में 702 रन बनाने के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ़ 51 रन की दरकार है। ऐसा करके वह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे, और शिखर धवन के 701 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। अगर विराट 85 रन बना लेते हैं तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में 3,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले 5वें बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले केवल 4 बल्लेबाज ही ये कारनामा कर पाए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article