क्रिकेट

राजीव शुक्ला ने कहा, आईपीएल फिर से शुरू करने के विकल्प पर आज चर्चा करेगा बीसीसीआई

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम के ऐलान के बाद कहा कि रविवार को बीसीसीआई आईपीएल के बाकी बचे मैचों के आयोजन के लिए चर्चा करेगा।

Image

राजीव शुक्ला(साभार PTI)

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच त्वरित संघर्ष विराम की घोषणा के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शनिवार को कहा कि बोर्ड के अधिकारी और आईपीएल संचालन परिषद रविवार को इस निलंबित टी20 लीग के बाकी मैच कराने के लिये सर्वश्रेष्ठ संभावित कार्यक्रम पर बात करेंगे।

पहलगाम आतंकवादी हमले की जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना के आपरेशन सिंदूर के बाद भारत पाकिस्तान सीमा पर तनाव के युद्ध में बदलने के आसार को देखते हुए आईपीएल शुक्रवार को एक सप्ताह के लिये स्थगित कर दिया गया था। शुक्ला ने पीटीआई वीडियो से कहा,'युद्ध थम गया है । नये हालात में बीसीसीआई पदाधिकारी, अधिकारी और आईपीएल संचालन परिषद कल फैसला लेंगे । देखते हैं कि टूर्नामेंट पूरा कराने के लिये सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम क्या हो सकता है।'

ऐसी अटकलें थीं कि लीग चेन्नई ,बेंगलुरू या हैदराबाद जैसे दक्षिण भारत के किसी शहर में पूरा कराया जा सकता है लेकिन शुक्ला ने कहा कि सैन्य टकराव जारी रहने पर ऐसा हो सकता था। उन्होंने कहा,'अगर युद्ध चल रहा होता तो वह विकल्प था । कई विकल्पों पर बात की गई है । संघर्ष विराम की घोषणा अभी हुई है । हमें थोड़ा समय दीजिये । उसके बाद ही फैसला लिया जायेगा।'

अभी टूर्नामेंट के 12 लीग मैच और चार प्लेआफ मैच बाकी हैं । विभिन्न टीमों के अधिकांश विदेशी खिलाड़ी लौट चुके हैं।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने उम्मीद जताई कि धर्मशाला को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर जहां आईपीएल के बाकी मैच होने थे, प्रसारक और प्रोडक्शन टीमों को रूकने के लिये कहा गया है। सूत्र ने कहा,'प्रसारकों ने शुरूआत में बेंगलुरू, हैदराबाद और चेन्नई में अपनी प्रोडक्शन ईकाई को रूकने के लिये कहा। अब संघर्ष विराम की घोषणा के बाद सभी मूल आयोजन स्थलों पर भी ऐसे ही निर्देश दे दिये गए हैं। उम्मीद है कि धर्मशाला को छोड़कर बाकी मैच वहीं होंगे, जहां होने थे।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article