दोहा: भारत के 14 साल के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कतर का राजधानी दोहा में आयोजित एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ टी20 मुकाबले में बल्ले से कोहराम मचा दिया। वैभव ने यूएई के खिलाफ मुकाबले में वैभव ने 42 गेंद में 144 रन की आतिशी पारी खेली और टीम को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।
32 गेंद में वैभव ने जड़ा शतक
इंडिया ए के कप्तान जीतेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इसके बाद पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने मैदान पर उतरते ही चौकों छक्कों की झड़ी लगा दी। प्रियांश आर्य दूसरे ओवर में रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। लेकिन एक छोर वैभव ने संभाले रखा। वैभव ने 32 गेंद में 10 चौके और 9 छक्के की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया और टीम को 9.3 ओवर में एक विकेट पर 147 रन पर पहुंचा दिया।
42 गेंद में वैभव ने बनाए 144 रन
शतक पूरा करने के बाद भी वैभव का बल्ला नहीं रुका उन्होंने अगली 11 गेंद में और तेज बल्लेबाजी की। वैभव 42 गेंद में 144 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। वैभव मोहम्मद फजारुद्दीन की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के जड़े। वैभव को रोकने का कोई प्लान यूएई के गेंदबाजों के पास नहीं था। वैभव जब पवेलियन लौटे तब इंडिया ए ने 12.3 ओवर में 195 रन 3 विकेट के नुकसान पर बना लिए थे।
टीम इंडिया ने बनाए 4 विकेट पर 297 रन
वैभव के आउट होने के बाद अन्य भारतीय बल्लेबाजों ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी जारी रखी। कप्तान जीतेश शर्मा ने 32 गेंद में 83 रन की नाबाद पारी खेली औऱ टीम को 20 ओवर में 297/4 रन तक पहुंचा दिया। वैभव और जीतेश के अलावा इंडिया ए के लिए नमन धीर 34(23), नेहाल वढेरा ने 14(9) और रमनदीप सिंह ने 6(8) रन की पारी खेली।
