क्रिकेट

154.2 किमी वाले तूफानी गेंदबाज का हुआ डेब्यू, जानिए कौन हैं किसान के बेटे अशोक शर्मा

Ashok Sharma Debue: अशोक शर्मा की एंट्री ने सबका ध्यान खींचा है। 154.2 किमी/घंटा की रफ्तार छू चुके अशोक लगातार 150 किमी की स्पीड से गेंदबाजी करते हैं। खास बात ये है कि एक ही एक्शन से वह 115 किमी/घंटा की स्लोअर बॉल भी निकाल लेते हैं।

Image

अशोक शर्मा (फोटो साभार- BCCI)

Ashok Sharma Debue: भारतीय क्रिकेट को एक और एक्सप्रेस तेज गेंदबाज मिल गया है। राजस्थान के अशोक शर्मा ने गुरुवार को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में इंटरनेशनल डेब्यू किया। 24 साल के इस पेसर को कप्तान श्रेयस अय्यर ने डेब्यू कैप सौंपी। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी और अशोक को प्लेइंग-11 में मौका दिया गया।

जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू

अशोक शर्मा की एंट्री ने सबका ध्यान खींचा है। 154.2 किमी/घंटा की रफ्तार छू चुके अशोक लगातार 150 किमी की स्पीड से गेंदबाजी करते हैं। खास बात ये है कि एक ही एक्शन से वह 115 किमी/घंटा की स्लोअर बॉल भी निकाल लेते हैं। स्पीड में इतना वैरिएशन बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए काफी है। अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 23 जुलाई से शुरू हुई तीन टी20 की सीरीज के लिए अशोक शर्मा और यश ठाकुर को टीम में चुना। इंग्लैंड दौरे पर नाकाम रहे संजू सैमसन को आराम दिया गया है। उनकी जगह पंजाब के विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को पहली बार बुलावा मिला। वहीं, तेज गेंदबाज मयंक यादव की 2024 के बाद टीम में वापसी हुई है।

कौन हैं अशोक शर्मा?

अशोक का जन्म राजस्थान के एक किसान परिवार में हुआ। लेकिन घरेलू क्रिकेट में वह गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हैं। आईपीएल में भी वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट झटके। भले ही इकॉनमी थोड़ी ज्यादा रही, लेकिन रफ्तार और कटर के दम पर उन्होंने बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया। अशोक पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चर्चा में आए थे। वहां उन्होंने 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 22 विकेट लिए। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान के लिए 7 मैचों में 13 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।

घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन ही उन्हें टीम इंडिया तक लाया। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि हरारे की उछाल भरी पिचों पर अशोक की रफ्तार भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ 23, 25 और 27 जुलाई को तीन टी20 खेले जाएंगे। एक किसान के बेटे से लेकर टीम इंडिया की जर्सी तक का सफर तय करने वाले अशोक शर्मा अब इंटरनेशनल लेवल पर अपनी रफ्तार का जादू दिखाने को तैयार हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article